भारत के दक्षिणी राज्य तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश पर चक्रवात मिचौंग का संकट मंडरा रहा है. चक्रवात मिचौंग की तैयारियों पर तमिलनाडु के मुख्य सचिव शिव दास मीना ने कहा कि, राज्य के उत्तरी भागों में चार जिले चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपेट चक्रवात से प्रभावित होने की संभावना है. हम अन्य जिलों से अधिकारियों को इन स्थानों पर लाए हैं, जहां चक्रवात के कारण बड़ा प्रभाव नहीं देखा जा सकता है. निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को हटाया जा रहा है. नावें और अन्य आवश्यक उपकरण भी संवेदनशील क्षेत्रों में तैनात हैं
चेन्नई में है सारी तैयारी
उन्होंने कहा कि, जहां तक चेन्नई का सवाल है, हम पिछले दो वर्षों से गंभीर बारिश की घटनाओं का सामना करने के लिए तैयारी कर रहे हैं. हमने बरसाती पानी की नालियों का एक मजबूत नेटवर्क उपलब्ध कराया है. इसने अब तक काफी अच्छा काम किया है. जब पिछली बार शहर में दो-तीन दिन पहले भारी बारिश हुई थी, तो हमने 150 ऐसे स्थानों की पहचान की थी, जहां पानी जमा था और हमने वहां पंप लगाए थे. इन स्थानों पर जनशक्ति भी तैनात की गई है ताकि जलभराव होते ही पानी को बाहर निकाला जा सके. राज्य में अब तक बारिश से जुड़ी कोई बड़ी दुर्घटना सामने नहीं आई है.
लोगों को वर्क फ्रॉम होम दें कंपनियां
उन्होंने कहा कि, निचले इलाकों में रहने वाले कई लोग आश्रय शिविरों में जाने से हिचक रहे हैं. हम उन्हें मना रहे हैं. हमने 2.44 करोड़ लोगों को संदेश भेजकर चक्रवात की स्थिति के बारे में सचेत किया है. हमने यह सुनिश्चित करने के लिए जंक्शन बॉक्स का स्तर बढ़ाया है कि छोटे जलभराव के कारण बिजली प्रभावित न हो. इससे काफी मदद मिली है. तमिलनाडु सरकार ने चेन्नई, तिरुवल्लूर, कांचीपुरम और चेंगलपेट में निजी कंपनियों और कार्यालयों को सलाह दी है कि वे अपने कर्मचारियों को कल घर से काम करने का निर्देश दें या चक्रवात मिचौंग के मद्देनजर अपरिहार्य मामलों में केवल आवश्यक कर्मचारियों के साथ काम करें.
मिचौंग चक्रवात के कारण ट्रेनें कैंसिल
मिचौंग चक्रवात तूफान के कारण नवजीवन एक्सप्रेस ट्रेन रद्द रहेगी. आंध्र प्रदेश के तटीय क्षेत्र में चक्रवात मिचौंग के मद्देनजर सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अहमदाबाद-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल नवजीवन एक्सप्रेस ट्रेन को रद्द किया गया है. 4 और 5 दिसंबर 2023 को अहमदाबाद से चलने वाली ट्रेन संख्या 12655 अहमदाबाद-एमजीआर चेन्नई सेंट्रल नवजीवन एक्सप्रेस रद्द रहेगी. 03 और 4 दिसंबर 2023 को एमजीआर चेन्नई सेंट्रल से चलने वाली ट्रेन संख्या 12656 एमजीआर चेन्नई सेंट्रल-अहमदाबाद नवजीवन एक्सप्रेस निरस्त रहेगी.
तमिलनाडु सरकार द्वारा चक्रवात मिचौंग के कारण घोषित सार्वजनिक अवकाश के कारण 4 दिसंबर, 2023 के लिए चेन्नई मेट्रो रेल सेवा कार्यक्रम में बदलाव किया गया.
1. मेट्रो ट्रेनें निर्धारित समयानुसार सुबह 5:00 बजे से रात 11:00 बजे तक संचालित होंगी.
2. सुबह 8:00 बजे से 11:00 बजे के बीच और शाम 5:00 बजे से रात 8:00 बजे तक हर 6 मिनट पर ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी.
3. सुबह 5:00 बजे से 8:00 बजे के बीच, सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक और रात 8:00 बजे से रात 10:00 बजे तक हर 7 मिनट में ट्रेनें उपलब्ध होंगी.
4. रात 10:00 बजे से 11:00 बजे के बीच हर 15 मिनट पर ट्रेनें उपलब्ध रहेंगी.
aajtak.in