बिहार की राजधानी पटना के मनेर क्षेत्र में पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मी घायल हो गए. यह घटना मनेर के शेरपुर दियारा इलाके में सुबह तड़के घटी, जहां पुलिस ने अपराधियों की मौजूदगी की सूचना पर घेराबंदी की थी. पुलिस के अनुसार, पिछले दिनों भोजपुर में पैक्स अध्यक्ष और राजपूत नेता संजीव कुमार की हत्या में शामिल अपराधी इस सुनसान इलाके में एकत्र होने वाले थे. पुलिस की घेराबंदी के बाद दोनों ओर से लगभग 20 मिनट तक भीषण गोलीबारी हुई जिसमें 40 राउंड से अधिक गोलियां चलीं. इस दौरान तीन पेशेवर अपराधी मारे गए.