scorecardresearch
 

उदयपुर में सरपंच चुनाव के नतीजे पर बवाल, पुष्पा देवी की जीत के बाद पथराव-आगजनी

राजस्थान के उदयपुर में सरपंच चुनाव का नतीजा आने के बाद हिंसा भड़क गई. खेरवाड़ा की नवाघरा पंचायत में जीतकर घर लौट रहीं पुष्पा देवी को लेकर कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया. इसके बाद पथराव, आगजनी और वाहनों में तोड़फोड़ हुई. करीब आधे घंटे तक चले हंगामे के बाद पुलिस और दमकल की टीम ने हालात संभाले.

Advertisement
X
गाड़ियों में भी तोड़फोड़.(Photo: Screengrab)
गाड़ियों में भी तोड़फोड़.(Photo: Screengrab)

राजस्थान के उदयपुर में सरपंच चुनाव का परिणाम घोषित होने के बाद जमकर बवाल हो गया. खेरवाड़ा पंचायत समिति की नवाघरा ग्राम पंचायत में जीत हासिल करने वाली सरपंच पुष्पा देवी को घर पहुंचाने के दौरान कुछ लोग भड़क गए. देखते ही देखते मतगणना स्थल पर पथराव शुरू हो गया. वहीं, पास के एक बूथ पर आगजनी और वाहनों में तोड़फोड़ की घटना भी हुई.

घटना देर रात करीब 11:30 बजे की है. मतगणना राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, नवाघरा में चल रही थी. परिणाम घोषित होने के बाद पुष्पा देवी को मतगणना केंद्र से उनके घर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने विरोध शुरू कर दिया और माहौल अचानक हिंसक हो गया.

यह भी पढ़ें: राजस्थान के उदयपुर में शिव मूर्ति खंडित करने पर भारी आक्रोश... बाजार बंद कराए, आरोपी फिरोज डिटेन; घर पर बुलडोजर चलाने की मांग

आक्रोशित भीड़ ने मतगणना स्थल पर पथराव किया. इसके बाद पास में स्थित एक बूथ को भी निशाना बनाया गया. वहां खड़े दोपहिया और चारपहिया वाहनों में जमकर तोड़फोड़ की गई. उपद्रवियों ने बूथ परिसर में रखी टेबल, कुर्सियां और अन्य सामान भी तोड़ दिए.

आधे घंटे तक चला हंगामा, बूथ में लगाई आग

Advertisement

उपद्रवियों ने तोड़फोड़ के बाद वहां रखे सामान को आग के हवाले कर दिया. इस दौरान करीब आधे घंटे तक हंगामा चलता रहा. हालात इतने तनावपूर्ण हो गए कि मौके पर मौजूद पुलिस के जवान भी भीड़ से बचते नजर आए. उपद्रवियों के आक्रोश को देखकर एक बार पुलिस प्रशासन के भी हाथ-पांव फूल गए.

हालांकि, पुलिस ने स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मोर्चा संभाला और भीड़ को नियंत्रित करने की कोशिश की. घटना की सूचना मिलने के बाद बावलवाड़ा थाना पुलिस के अलावा आसपास के थानों से भी अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर बुलाया गया.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, फायर ब्रिगेड ने बुझाई आग

अतिरिक्त पुलिस बल की मदद से भीड़ को नियंत्रित किया गया और इलाके में बिगड़ती कानून व्यवस्था पर काबू पाया गया. वहीं, बूथ परिसर में आग लगने की सूचना पर फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर पहुंची.

दमकल कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. सरपंच चुनाव में पुष्पा देवी की जीत के बाद हुए इस बवाल में वाहनों के साथ सरकारी बूथ परिसर में रखे सामान को भी नुकसान पहुंचाया गया. घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement