बिहार की राजधानी पटना में मूसलाघार बारिश हो रही है. इस बारिश के कारण पटना का गांधी मैदान कीचड़-कीचड़ हो गया है. यहां पर सीएम सम्राट चौधरी के कैबिनेट मंत्री शपथ लेने वाले हैं. इसे लेकर गांधी मैदान में जोर-शोर से तैयारी चल रही थी, लेकिन बुधवार को हुई बारिश में सारी तैयारी धुली नजर आ रही है.
बता दें कि, पटना के गांधी मैदान में 'सम्राट सेना' के शपथ ग्रहण की तैयारी कर ली गई थी, जिसके लिए बीजेपी और जेडीयू के बीच मंत्रिमंडल के लिए 50-50 का फॉर्मूला बना. ऐसे में सवाल यह है कि बीजेपी और जेडीयू से कौन-कौन नेता मंत्री बन रहे हैं और किसकी कैबिनेट से छुट्टी हो रही है?
सम्राट सरकार बनने के 22 दिन बाद मंत्रियों का शपथ ग्रहण
बता दें कि सम्राट चौधरी की सरकार बनने के 22 दिन बाद 7 मई को राजधानी पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य कैबिनेट विस्तार समारोह आयोजित होने वाला है. इसे लेकर प्रशासनिक और राजनीतिक स्तर पर तैयारियां की गई हैं. वीवीआईपी के कार्यक्रम को देखते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं.
सामने आया है कि समारोह में नरेन्द्र मोदी, अमित शाह, राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, पूर्व सीएम नीतीश कुमार और भाजपा के कई वरिष्ठ नेता शामिल होने वाले हैं. इसके साथ ही विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी इस बड़े आयोजन के गवाह बनने वाले हैं.वीवीआईपी मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं और इसके अलावा गांधी मैदान में भी भव्य सजावट की जा रही थी.
गांधी मैदान में किए गए वीवीआईपी इंतजाम
जब नीतीश कुमार ने साल 2025 में चुनाव जीता था, तब उन्होंने यहां शपथ ली थी, लेकिन इस बार खास बात यह है कि केवल मंत्रियों का शपथ ग्रहण होने जा रहा है. गांधी मैदान के इतिहास में यह भी अनोखा पल दर्ज होने वाला है कि जब मुख्यमंत्री नहीं, बल्कि सिर्फ मंत्रियों का सामूहिक शपथ ग्रहण आयोजित किया जाएगा. इस कार्यक्रम को शक्ति प्रदर्शन और राजनीतिक संदेश दोनों के तौर पर देखा जा रहा है. इसीलिए इस आयोजन पर सबकी निगाहें टिकी हुई हैं, लेकिन बुधवार को हुई बारिश ने यहां की तैयारियों पर बड़ा असर डाला है.
रोहित कुमार