प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हरदोई में गंगा एक्सप्रेस वे के उद्घाटन के लिए पहुंचे हैं. पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी उत्तर प्रदेश से जोड़ने वाला यह एक्सप्रेस वे मेरठ से प्रयागराज की 594 किमी की दूरी को कम समय में पूरी करेगा. उद्घाटन समारोह में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपना संबोधन दिया.
सीएम योगी ने किया मां गंगा को याद
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेसवे के उद्घाटन कार्यक्रम को लेकर कहा कि यह देश के सबसे बड़े एक्सप्रेसवे परियोजनाओं में से एक है और जल्द ही इसका भव्य लोकार्पण होने जा रहा है. उन्होंने मां गंगा का स्मरण करते हुए “देवी सुरेश्वरी भगवती गंगे, त्रिभुवन तारिणी तरल तरंगे” श्लोक का उल्लेख किया और कहा कि मां गंगा के समानांतर विकसित किया गया यह एक्सप्रेसवे उत्तर प्रदेश के आर्थिक विस्तार को नई उड़ान देगा.
नए उत्तर प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास- सीएम योगी
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिसंबर 2021 में जिस परियोजना का शिलान्यास हुआ था, आज वही आपके करकमलों से उद्घाटन के लिए तैयार है और यह प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ बनने जा रही है. सीएम योगी ने इस अवसर पर कहा कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर का तेजी से विकास हो रहा है, जहां स्पष्ट नीति और साफ नियत के साथ योजनाओं को प्रभावी ढंग से जमीन पर उतारा जा रहा है.
सीएम योगी ने पीएम मोदी का किया स्वागत
उन्होंने कहा कि यह वही पावन धरा है जहां भक्त प्रह्लाद और भगवान नरसिंह का अवतरण हुआ था, और इस ऐतिहासिक मौके पर सभी अतिथियों का हृदय से स्वागत और अभिनंदन है. मुख्यमंत्री ने पिछले नौ वर्षों में डबल इंजन सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश में एक्सप्रेसवे, हाईवे, जिला मार्ग और ग्रामीण सड़कों का करीब 4 लाख किलोमीटर का विशाल और सशक्त नेटवर्क तैयार हो चुका है, जो प्रदेश के समग्र विकास को नई गति दे रहा है.
पीएम मोदी ने किया गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन
इसके बाद पीएम मोदी ने गंगा एक्सप्रेस वे का उद्घाटन किया. उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि, यह उत्तर प्रदेश की एक नई लाइफलाइन है. उन्होंने इस मौके पर बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर कहा कि 'आज लोकतंत्र के उत्सव का भी एक अहम दिन है बंगाल में इस समय दूसरे चरण का मतदान हो रहा है और जो खबरें आ रही है उनसे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है.'
गंगा एक्सप्रेस वे नाम रखना सुखद- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि, मां गंगा के नाम पर एक्सप्रेस वे का नाम रखना सुखद अनुभूति है. उन्होंने उद्घाटन करते हुए कहा कि, 'मैं भगवान नरसिंह की इस भूमि को प्रणाम करता हूं. यहां से कुछ किलोमीटर की दूरी पर मां गंगा कृपा बहाती हुई निकलती हैं, इसलिए यह पूरा क्षेत्र अहम है. मैं मानता हूं कि यूपी को एक्सप्रेस-वे का यह वरदान भी मां गंगा का ही आशीर्वाद है.
यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन- पीएम मोदी
उन्होंने कहा कि, 'अब कुछ ही घंटों में आप प्रयागराज के संगम पहुंच सकते हैं और काशी में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करके वापस आ सकते हैं. जैसे मां गंगा हजारों वर्षों से यूपी और देश की जीवनरेखा रही हैं, वैसे ही आधुनिक प्रगति के इस दौर में उनके समीप से गुजरता यह एक्सप्रेस-वे यूपी के विकास की नई लाइफलाइन बनेगा.
मुझे चार-पांच दिनों से गंगा मां के दर्शन का मिल रहा है सौभाग्य- पीएम मोदी
यह भी एक अद्भुत संयोग है कि पिछले 4-5 दिनों में मैं मां गंगा के सानिध्य में रहा हूं. बंगाल में था तो वहां मां गंगा के दर्शन किए, कल काशी में था और आज बाबा विश्वनाथ के साथ मां गंगा के दर्शन करने का सौभाग्य मिला.
पीएम मोदी ने अपनी स्पीच में बंगाल में जारी अंतिम चरण के चुनाव का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि, 'आज लोकतंत्र के उत्सव का भी अहम दिन है. बंगाल में इस समय वोटिंग हो रही है. खबरें आ रही हैं, जिनसे पता चलता है कि बंगाल में भारी मतदान हो रहा है. पहले चरण की तरह ही जनता वोट देने के लिए निकल रही है.'
बंगाल में लोग भयमुक्त हो कर कर रहे हैं वोट- पीएम मोदी
बंगाल में लोग भयमुक्त होकर वोट दे रहे हैं. यह देश के संविधान और मजबूत होते लोकतंत्र का पुण्य प्रतीक है. मैं बंगाल की महान जनता का आभार जताता हूं. वोटिंग खत्म होने में अभी कई घंटे बाकी हैं. कुछ समय पहले बिहार में चुनाव हुए थे, तो भाजपा-एनडीए ने प्रचंड जीत हासिल की थी और इतिहास रच दिया था. कल ही गुजरात में महानगर पालिका, नगर पालिका, जिला पंचायत, नगर पंचायत और तहसील पंचायतों के नतीजे आए हैं.
aajtak.in