तमिलनाडु में BJP के पूर्व अध्यक्ष के. अन्नामलाई ने पार्टी छोड़ दी है और अपना नया राजनीतिक मोर्चा शुरू किया है. इस पर कई लोग कह रहे थे कि उनकी नई पार्टी असल में BJP की ही "बी टीम" है और उन्हें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह का समर्थन हासिल है. लेकिन तमिलनाडु BJP ने शनिवार को साफ कर दिया कि ऐसा बिल्कुल नहीं है.
अन्नामलाई ने शुक्रवार को बीजेपी छोड़ने का ऐलान किया. उन्होंने कहा कि वो 'सम्मान के साथ' पार्टी छोड़ रहे हैं और एक नई तरह की राजनीति शुरू करना चाहते हैं. उनका कहना था, 'लक्ष्य बड़े हैं और ज्यादा लोगों को साथ लेकर चलना है. आज से एक नया रास्ता, एक नया आंदोलन, एक नई राजनीतिक ताकत शुरू होगी.' उन्होंने यह भी बताया कि उनकी नई पार्टी तमिलनाडु के अगले विधानसभा चुनाव में उतरेगी. पार्टी छोड़ने से पहले वो दिल्ली गए और अमित शाह समेत BJP के कई बड़े नेताओं से मिले.
BJP ने क्या कहा?
इन अटकलों को तमिलनाडु BJP के नए अध्यक्ष नैनार नागेंद्रन ने शनिवार को सीधे नकार दिया. उन्होंने कहा, 'अन्नामलाई को अपना राजनीतिक आंदोलन शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री मोदी या अमित शाह का आशीर्वाद नहीं मिला है, जैसा कि कई लोग दावा कर रहे हैं.'
उन्होंने यह भी कहा, 'जो भी BJP छोड़कर गया है, वो अपने दम पर कभी सफल नहीं हुआ.' और पार्टी कार्यकर्ताओं से अपील की कि वो ऐसी बातों में न आएं और पार्टी न छोड़ें. उन्होंने कहा, 'BJP दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है, इसे कोई नुकसान नहीं होगा.'
विवाद क्या था अन्नामलाई के कार्यकाल में?
अन्नामलाई का कार्यकाल विवादों से भी भरा रहा. पहला बड़ा विवाद तब हुआ जब उन्होंने तमिलनाडु की पूर्व मुख्यमंत्री और AIADMK की नेता जे. जयललिता के बारे में कुछ ऐसी बात कही जो AIADMK को बिल्कुल पसंद नहीं आई. जयललिता एक भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ठहराई गई थीं और अन्नामलाई ने उस पर टिप्पणी की थी.
यह भी पढ़ें: तमिलनाडु BJP में फूट! अन्नामलाई के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष और सचिव का इस्तीफा
दूसरा विवाद तब हुआ जब उन्होंने दावा किया कि द्रविड़ आंदोलन के बड़े नेता सी.एन. अन्नादुराई ने 1956 में मदुरई के एक कार्यक्रम में हिंदू धर्म का अपमान किया था. इन सब बातों की वजह से AIADMK और BJP के बीच रिश्ते काफी खराब हो गए और सितंबर 2023 में AIADMK ने BJP से गठबंधन तोड़ लिया. यह टूटन 2024 के लोकसभा चुनाव से ठीक पहले हुई, जो BJP के लिए बड़ा झटका था.
नई पार्टी BJP की B टीम है, ऐसा क्यों कहा जा रहा था?
तमिलनाडु में BJP अपने दम पर बड़ी जीत हासिल नहीं कर पाई है. ऐसे में कई राजनीतिक जानकारों ने कहा कि अन्नामलाई की नई पार्टी असल में BJP के लिए एक छुपा हुआ मोर्चा हो सकती है. तर्क यह था कि वो BJP के बड़े नेताओं से मिलकर दिल्ली से आए, फिर पार्टी छोड़ी, तो जरूर कोई बड़ी रणनीति होगी.
अन्नामलाई के जाने के बाद और कौन गए?
अन्नामलाई के जाने के बाद दो और बड़े नेताओं ने BJP छोड़ी. राज्य उपाध्यक्ष करू नागराजन और राज्य सचिव सुमति वेंकटेश ने भी पार्टी से इस्तीफा दे दिया. इसके अलावा नीचे के स्तर पर भी कई लोगों के जाने की खबरें आई हैं.
अनघा