मुंबई क्राइम ब्रांच ने 2008 मुंबई आतंकी हमले में तहव्वुर राणा और अन्य के खिलाफ पांचवीं चार्जशीट दायर की है. इस चार्जशीट में तहव्वुर राणा के खिलाफ कई अहम सबूतों को जोड़ा गया है. सूत्रों का कहना है कि क्राइम ब्रांच ने सोमवार को चार्जशीट दायर की थी.
यह चार्जशीट 405 पेजों की है. मुंबई पुलिस ने 2008 के मुंबई आतंकी हमले में तहव्वुर राणा के एक्टिव रोल होने का तर्क दिया है. राणा पाकिस्तान का पूर्व कैप्टन था, उसने मुंबई हमलों के लिए रेकी में डेविड हेडली की मदद की थी. राणा पाकिस्तानी मूल का कनाडाई कारोबारी है और फिलहाल अमेरिका में हिरासत में है.
तहव्वुर राणा को भारत ने भगोड़ा घोषित कर रखा है. तहव्वुर राणा के खिलाफ NIA की विशेष अदालत ने 28 अगस्त, 2018 को गिरफ्तारी वॉरंट जारी किया था. सरकारी वकील का कहना है कि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने का बाद इस चार्जशीट को मंगलवार को विशेष अदालत के समक्ष पेश किया जा सकता है. अमेरिकी अदालत ने राणा के भारत प्रत्यर्पण के लिए मई में ट्रायल की मंजूरी दी थी.
बता दें कि मुंबई में 26 नवंबर 2008 को हुए आतंकी हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था. इस हमले को आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने अंजाम दिया था. इस हमले में 166 बेगुनाह लोग मारे गए थे. आतंकी हमले को इतने साल बीत जाने के बाद भी हमारा देश आज तक उस खौफनाक हमले को भूल नहीं पाया है. पूरा देश उस आतंकी हमले की वजह से सहम गया था.
26 नवंबर 2008 को क्या हुआ था?
26 नवंबर 2008 को देश की आर्थिक राजधानी मुंबई में आतंकियों के इस हमले को नाकाम करने के लिए 200 एनएसजी कमांडो और सेना के पचास कमांडो को मुंबई भेजा गया था. इसके अलावा सेना की पांच टुकड़ियों को भी वहां तैनात किया गया था. हमले के दौरान नौसेना को भी अलर्ट पर रखा गया था.
मुंबई के आतंकी हमले को नाकाम करने के अभियान में मुंबई पुलिस, एटीएस और एनएसजी के 11 जवान वीरगति को प्राप्त हो गए थे. इनमें एटीएस के प्रमुख हेमंत करकरे, एसीपी अशोक कामटे, एसीपी सदानंद दाते, एनएसजी के कमांडो मेजर संदीप उन्नीकृष्णन, एनकाउंटर स्पेशलिस्ट एसआई विजय सालस्कर, इंसपेक्टर सुशांत शिंदे, एसआई प्रकाश मोरे, एसआई दुदगुड़े, एएसआई नानासाहब भोंसले, एएसआई तुकाराम ओंबले, कांस्टेबल विजय खांडेकर, जयवंत पाटिल, योगेश पाटिल, अंबादोस पवार और एम.सी. चौधरी शामिल थे.
दिव्येश सिंह