अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 के मौके पर भारतीय नौसेना ने एक ऐसा अनोखा प्रयोग किया जिसने पूरे देश का ध्यान खींच लिया. विशाखापत्तनम स्थित पनडुब्बी प्रशिक्षण संस्थान INS सातवाहन में पानी के अंदर योग का विशेष सेशन आयोजित किया गया. इस इवेंट में कुल 40 लोगों ने हिस्सा लिया और उन्होंने गहराई में योग आसनों का प्रदर्शन किया. यह आयोजन केवल एक कार्यक्रम नहीं बल्कि योग की सीमाओं को चुनौती देने वाला एक प्रयोग बन गया.
पानी के नीचे किए गए इस योग सत्र में प्रतिभागियों ने एक साथ कई योग आसन किए और सांस पर बेहतरीन नियंत्रण का प्रदर्शन किया. गहरे पानी के अंदर संतुलन बनाए रखना और लगातार फोकस रखना आसान नहीं होता, लेकिन नौसेना के जवानों और प्रतिभागियों ने इसे सहजता से दिखाया. इस दौरान उनकी एकाग्रता, सहनशक्ति और मानसिक स्थिरता साफ नजर आई.
यह भी पढ़ें: International Yoga Diwas: कई गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स, 25 करोड़ लोग जुड़े... कैसे भव्य होता गया अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस
इस पूरे आयोजन में योग के प्राचीन ज्ञान और अनुशासन को पानी के अंदर के कठिन वातावरण के साथ जोड़ा गया. इसका उद्देश्य केवल फिटनेस नहीं था, बल्कि यह दिखाना था कि योग किस तरह शारीरिक मजबूती के साथ मानसिक और भावनात्मक संतुलन को भी मजबूत करता है. नौसेना ने इस प्रयोग के जरिए यह संदेश दिया कि नियंत्रित सांस, माइंडफुलनेस और अनुशासन किसी भी कठिन परिस्थिति में प्रदर्शन को बेहतर बना सकते हैं.
नौसेना के अनुसार यह अभ्यास ऑपरेशनल रेडीनेस के लिहाज से भी बेहद महत्वपूर्ण है. पानी के अंदर तनावपूर्ण परिस्थितियों में शांत रहना और निर्णय लेने की क्षमता बनाए रखना सैन्य प्रशिक्षण का अहम हिस्सा है. इस योग सत्र ने इसी क्षमता को और मजबूत करने का अवसर दिया.
'अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां'
इस बीच देश के अलग-अलग हिस्सों में भी अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस को लेकर बड़े स्तर पर तैयारियां की गई हैं. उत्तर प्रदेश में इस बार 12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर रिकॉर्ड स्तर पर आयोजन किया जा रहा है. राज्य के 1.32 लाख से ज्यादा सरकारी स्कूलों और 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों में सामूहिक योग सत्र आयोजित होंगे.
इन कार्यक्रमों में लगभग 1.43 करोड़ छात्र भाग लेंगे. इसके अलावा शिक्षक, शिक्षा मित्र, प्रशिक्षक और अभिभावक भी इन योग सत्रों का हिस्सा बनेंगे. 746 कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालयों की 78 हजार से अधिक छात्राएं भी इस आयोजन में सक्रिय रूप से शामिल होंगी. राज्य सरकार ने इस आयोजन को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं.
उत्तर प्रदेश सरकार ने शिक्षा निदेशक (बेसिक) अनिल भूषण चतुर्वेदी को इस पूरे कार्यक्रम का नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. उनके नेतृत्व में सभी जिलों में योग कार्यक्रमों की निगरानी और समन्वय किया जा रहा है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में योग को जन आंदोलन बनाने का लक्ष्य रखा गया है.
'योग सत्र में करीब 10 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान'
सरकार की ओर से सभी संभागीय सहायक शिक्षा निदेशकों, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारियों और ब्लॉक शिक्षा अधिकारियों को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं. योग को गांव से लेकर शहर तक एक व्यापक अभियान के रूप में मनाने की तैयारी है.
उधर कोलकाता में भी योग दिवस को लेकर भव्य आयोजन की तैयारी की गई है. यहां लगभग 35 हजार लोगों के एकत्र होने की उम्मीद है. अधिकारियों के अनुसार राज्य भर में अलग-अलग जगहों पर एक साथ चलने वाले योग सत्रों में करीब 10 लाख लोगों के शामिल होने का अनुमान है.
आयुष मंत्रालय के सचिव वैद्य राजेश कोटेचा ने बताया कि यह पहली बार है जब पश्चिम बंगाल इतने बड़े पैमाने पर अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मुख्य कार्यक्रम की मेजबानी कर रहा है. इसमें योग संस्थानों, छात्रों, महिलाओं, वरिष्ठ नागरिकों और विभिन्न क्षेत्रों के लोगों की भागीदारी होगी.
कोलकाता में इस मौके पर योग कार्निवल और हुगली नदी पर एक अनोखा योग प्रदर्शन भी आयोजित किया जाएगा. इस प्रदर्शन में करीब 500 नावों पर एक साथ योग किया जाएगा, जो इस साल के समारोह की सबसे खास और ऐतिहासिक झलकियों में से एक माना जा रहा है.
aajtak.in