कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के संसद मार्ग पुलिस थाने पहुंचे. जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के आंदोलन के दौरान पेलेट गन के इस्तेमाल को लेकर वह डीसीपी कार्यालय गए थे. वहां राहुल गांधी एफआईआर दर्ज होने की मांग को लेकर धरने पर बैठ गए और कहा कि जब तक मामला दर्ज नहीं होता, वह नहीं उठेंगे.
दिल्ली पुलिस ने पेलेट गन मामले में FIR दर्ज की है. मामला BNS की धारा 118 और 125 के तहत दर्ज किया गया है. धारा 118 खतरनाक हथियार या साधन से जानबूझकर चोट या गंभीर चोट पहुंचाने से जुड़ी है, जबकि धारा 125 दूसरों के जीवन या व्यक्तिगत सुरक्षा को खतरे में डालने वाले कृत्य से संबंधित है. राहुल गांधी ने कहा कि ये न्याय का पहला कदम है.
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि पेलेट गन मामले में FIR दर्ज होना न्याय की दिशा में पहला कदम है. उन्होंने कहा कि युवक को गोली लगे एक महीना हो चुका है और उसके शरीर में अब भी पेलेट फंसे हैं. राहुल के मुताबिक, युवक की आंख में तीन पेलेट हैं, जिससे वह देख नहीं पा रहा है, जबकि तीन-चार पेलेट उसके दिल के पास हैं. राहुल गांधी ने कहा कि युवक के साथ गंभीर अन्याय हुआ है और FIR दर्ज कराने के लिए उन्हें करीब 8 घंटे तक इंतजार करना पड़ा.
कांग्रेस उठा रही सवाल
कांग्रेस ने इस मामले में सवाल उठाया था कि छात्रों पर पेलेट गन चलाने का आदेश किसने दिया. पार्टी ने कहा था कि अमित शाह और दिल्ली पुलिस को इसका जवाब देना चाहिए. कांग्रेस ने यह भी आरोप लगाया था कि साहिल और उसकी मां लगातार एफआईआर दर्ज कराने की मांग कर रहे थे, लेकिन पुलिस उनकी मांग पर ध्यान नहीं दे रही थी.
हालांकि बाद में पुलिस ने शिकायत ले ली थी और बताया था कि मामले की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है. साथ ही सुप्रीम कोर्ट की हाई पावर्ड कमेटी भी गठित हो चुकी थी और उसकी रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा था. इससे पहले राहुल गांधी प्रधानमंत्री आवास के बाहर भी धरने पर बैठे थे, जहां से उन्हें हिरासत में लेकर छत्रसाल स्टेडियम ले जाया गया था. रणदीप सुरजेवाला और कुमारी शैलजा समेत कई नेता भी मौके पर पहुंचे थे.
हिमांशु मिश्रा