राजधानी दिल्ली बारिश और तेज हवाओं के बाद अब गर्मी का सितम झेलने वाली है. यहां आज (8 मई) से अगले कुछ दिनों में तापमान बढ़ने के संकेत हैं, जबकि देश के कई हिस्सों में बारिश और मौसम का अलग-अलग पैटर्न देखने को मिलेगा.
दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, गुजरात, राजस्थान और महाराष्ट्र के ज्यादातर इलाकों में अगले 3-4 दिनों तक मौसम लगभग शुष्क रहने की संभावना है. इस दौरान धूप तेज रहेगी और तापमान में लगातार बढ़ोतरी होगी. खासकर उत्तर और उत्तर-पश्चिम भारत में गर्मी का असर और ज्यादा महसूस किया जाएगा.
वहीं दूसरी तरफ, पूर्वी और उत्तर-पूर्वी भारत में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. पूर्वी उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा और पूर्वोत्तर राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ जगहों पर गरज-चमक देखने को मिल सकती है. इसके अलावा अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, केरल और तमिलनाडु में भी अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है. आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में हल्की से मध्यम बारिश, जबकि तेलंगाना में हल्की बारिश हो सकती है.
स्काईमेट के मुताबिक आज केरल, अंडमान-निकोबार और पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में भारी बारिश तक देखने को मिल सकती है. इसके साथ ही पूर्वोत्तर भारत, ओडिशा, तमिलनाडु, कर्नाटक और तटीय आंध्र प्रदेश में भी रुक-रुक कर बारिश और गरज-चमक बनी रह सकती है. बिहार, झारखंड, छत्तीसगढ़ और हिमाचल प्रदेश में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है.
कुल मिलाकर, उत्तर और मध्य भारत में गर्मी बढ़ती जाएगी, जबकि पूर्व और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में बारिश का असर जारी रहेगा.
aajtak.in