दिल्ली BJP ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में गिरफ्तार अपने नेता विकास गर्ग को पार्टी से निकाल दिया है. पार्टी सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि एबिक्स ग्रुप के चेयरमैन विकास गर्ग को दिल्ली बीजेपी की इकोनॉमिक सेल के संयोजक पद से हटा दिया गया है और उनकी प्राथमिक सदस्यता भी रद्द कर दी गई है.
दरअसल, प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने महादेव ऑनलाइन सट्टेबाजी ऐप से जुड़े कई करोड़ रुपये के मनी लॉन्ड्रिंग मामले में एबिक्स (Ebix) ग्रुप के चेयरमैन और दिल्ली बीजेपी के इकोनॉमिक सेल के संयोजक विकास गर्ग को मंगलवार को गिरफ्तार किया गया था. छत्तीसगढ़ की एक विशेष पीएमएलए (PMLA) अदालत ने बुधवार को आरोपी विकास गर्ग को 10 दिनों की ईडी (ED) कस्टडी में भेज दिया.
5 चार्जशीट में 74 संस्थाएं आरोपी
इस बड़े मामले में विकास गर्ग 14वें व्यक्ति हैं, जिन्हें केंद्रीय एजेंसी ने गिरफ्तार किया है. एजेंसी ने रायपुर की विशेष PMLA अदालत में अब तक दाखिल 5 चार्जशीट में 74 लोगों/संस्थाओं को आरोपी बनाया है.
विकास गर्ग दिल्ली बीजेपी के वरिष्ठ नेता और तीन बार के पूर्व विधायक नंद किशोर गर्ग के बेटे हैं. विकास ने साल 2024 में दिल्ली बीजेपी के आर्थिक सेल के संयोजक के रूप में अपना कार्यभार संभाला था. एक वरिष्ठ पार्टी पदाधिकारी ने उनके निष्कासन की आधिकारिक पुष्टि करते हुए बताया कि उन्हें पद से हटाने के साथ ही पार्टी से भी बाहर का रास्ता दिखा दिया गया है.
6000 करोड़ का है पूरा घोटाला
प्रवर्तन निदेशालय (ED) के अनुसार, महादेव सट्टेबाजी ऐप मामले में छत्तीसगढ़ के बड़े राजनेता और नौकरशाह शामिल हैं और इसमें कथित तौर पर अपराध से लगभग 6,000 करोड़ रुपये की कमाई हुई है.
जांच एजेंसी ने रायपुर की विशेष पीएमएलए अदालत के समक्ष अब तक दायर की गई पांच चार्जशीट में कुल चौहत्तर संस्थाओं को आरोपी के रूप में नामजद किया है. ईडी का आरोप है कि विकास गर्ग ने अवैध सट्टेबाजी गतिविधियों से अर्जित धन का जानबूझकर इस्तेमाल किया था. उन्होंने इस फंड के जरिए एराया लाइफस्पेस (Eraaya Lifespaces) के माध्यम से एबिक्स कैश (EbixCash) में 64% हिस्सेदारी हासिल की थी.
aajtak.in