अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों के मारे जाने के बाद अमेरिका द्वारा दिए गए बयानों को लेकर कांग्रेस ने रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है. कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पीएम मोदी को कॉम्प्रोमाइज्ड प्रधानमंत्री बताया.
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कहा, अमेरिकी हमलों में तीन भारतीय नाविकों की मौत के कुछ ही दिनों बाद न कोई अफसोस जताया गया और न ही माफी मांगी गई. इसके उलट, अमेरिका ने आदेश देना जारी रखा है.
राहुल गांधी ने लिखा, उनके शब्द पढ़िए, अमेरिकी सेना के आदेशों का तुरंत पालन करें, किसी भी उल्लंघन को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. एक आजाद देश इस तरह की भाषा कभी नहीं सहेगा.
यह भी पढ़ें: भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए...', फ्रांस में इन्वेस्टर्स से बोले PM मोदी
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने भी तीन भारतीय नाविकों की मौत पर प्रधानमंत्री की चुप्पी को लेकर उन पर निशाना साधा और आरोप लगाया कि इस बात का कोई सबूत नहीं चाहिए कि उन्होंने भारत की वैश्विक प्रतिष्ठा और संप्रभुता को कमजोर किया है.
कांग्रेस ने यह भी कहा कि भारत को अमेरिकी ट्रेड रिप्रेज़ेंटेटिव जेमिसन ग्रीर की आगामी यात्रा टाल देनी चाहिए, और जोर देकर कहा कि कोई भी स्वाभिमानी देश धौंस जमाने वालों के खिलाफ अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए केवल फोन कॉल और प्रेस बयानों से कहीं अधिक कदम उठाएगा.
प्रधानमंत्री मोदी इस हफ्ते फ्रांस में अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से मिलने वाले हैं. ऐसे में विपक्षी पार्टी ने पूछा कि क्या वह ओमान तट के पास जहाज पर अमेरिकी हमले में नाविकों की मौत और 12 जून को विदेश मंत्री एस. जयशंकर के साथ बातचीत में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो द्वारा इस्तेमाल की गई धमकी भरी और वास्तव में अस्वीकार्य भाषा पर भारत की कड़ी निंदा दर्ज कराएंगे.
राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री पर निशाना साधते हुए कहा कि हमारे कॉम्प्रोमाइज्ड PM एक आज्ञाकारी सेवक की तरह सुनते हैं और आदेशों का पालन करते हैं.
aajtak.in