प्रधानमंत्री मोदी फ्रांस में हैं. जहां उन्होंने फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों की मौजूदगी में 'भारत इनोवेट्स 2026' कार्यक्रम का उद्घाटन किया. इस मौके पर पीएम मोदी ने वैश्विक मंच से भारत की बदलती तकनीकी ताकत और दुनिया के प्रति इसके बढ़ते योगदान पर खुलकर बात की.
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अब केवल उपभोक्ता नहीं रह गया है, बल्कि वह दुनिया की बड़ी समस्याओं का हल निकालने में एक प्रमुख कॉन्ट्रिब्यूटर के रूप में उभरा है. PM मोदी ने कहा, भारत इनोवेट्स दुनिया के लिए एक निमंत्रण है कि वे भारत के साथ मिलकर ग्लोबल इनोवेशन का अगला अध्याय लिखें.
पीएम मोदी ने अतीत और वर्तमान की तुलना करते हुए कहा कि एक दशक पहले दुनिया भारत को सिर्फ टेक्नोलॉजी अपनाने वाले देश के रूप में देखती थी, लेकिन आज भारत दुनिया को टेक्नोलॉजी देने वाले देश के तौर पर उभरा है.
PM मोदी ने फ्रांस में कहा, हम पार्टनरशिप चाहते हैं, जॉइंट रिसर्च चाहते हैं और इसके साथ लॉन्ग-टर्म कोलैबोरेशन चाहते हैं.
उन्होंने कहा, मैं हर इन्वेस्टर और एंटरप्रेन्योर को इनवाइट करता हूं, आप भारत आइए, हमारे साथ मिलकर काम कीजिए. भारत में डिजाइन कीजिए, भारत में डेवलप कीजिए और दुनिया के लिए सॉल्यूशंस तैयार कीजिए.
बता दें, इससे पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' पर एक पोस्ट में पीएम मोदी ने कहा कि वह 14 जून को फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों से मुलाकात और 'भारत इनोवेट्स' कार्यक्रम के संयुक्त उद्घाटन को लेकर उत्साहित हैं. स्लोवाकिया रवाना होने से पहले उनके फ्रांस दौरे के दौरान एवियन और पेरिस में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे.
'भारत इनोवेट्स 2026' भारत सरकार की एक प्रमुख पहल है, जिसे वैश्विक स्तर पर देश के डीप-टेक स्टार्टअप्स और रिसर्च वेंचर्स को बढ़ावा देने के लिए शुरू किया गया है.
भारत इनोवेशन का देश है- मैक्रों
फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने रविवार को भारत को 'इनोवेशन का देश' बताया. उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और जलवायु परिवर्तन जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में भारत और फ्रांस के बीच एक मजबूत साझेदारी है.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए फ्रांसीसी राष्ट्रपति ने कहा, हम भारत के 'मेक इन इंडिया' अभियान का सम्मान करते हैं. फ्रांस विभिन्न क्षेत्रों में इस पहल का भागीदार रहा है.
aajtak.in