'कॉकरोच जनता पार्टी' के संस्थापक अभिजीत दिपके सोमवार हिंसा का शिकार हो गए. जयपुर में एक विरोध प्रदर्शन में शामिल होने के दौरान कई लोगों ने एक साथ उन पर हमला कर दिया. इस दौरान उन्हें थप्पड़ से मारा गया.
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि सोमवार एक विरोध प्रदर्शन के दौरान, जब समर्थक 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके को अपने कंधों पर उठाए हुए थे, तो कथित तौर पर दो लोगों ने उन्हें कई बार थप्पड़ मारे. उन्होंने बताया कि इस घटना के सिलसिले में दो युवकों को हिरासत में लिया गया है.
घटना के बाद, दिपके ने लोगों को संबोधित किया और बांटने वाली राजनीति के खिलाफ नारे लगाए. उन्होंने लोगों से धर्म या जाति के आधार पर न बंटने की अपील की.
अभिजीत और सीजेपी ने क्या कहा?
सोशल मीडिया पर एक वीडियो मैसेज में CJP प्रमुख ने आरोप लगाया कि यह हमला उन लोगों की चाल है, जो हमारे आंदोलन को रोकना चाहते हैं. उन्होंने कहा, "लेकिन हम कॉकरोच इन चालों से डरेंगे नहीं. धर्मेंद्र प्रधान को इस्तीफा देना होगा, यही हमारा एकमात्र मकसद है."
पुलिस और चश्मदीदों के मुताबिक, यह घटना शहीद स्मारक पर हुई, जहां कई युवा NEET पेपर लीक के आरोपों, CBSE मार्किंग सिस्टम और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन करने के लिए जमा हुए थे.
जब दिपके कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे और उन्हें समर्थक अपने कंधों पर उठाकर ले जा रहे थे, तो भीड़ में मौजूद दो युवकों ने कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार दिया. बाद में उनके समर्थकों ने आरोपियों को पकड़ लिया और पुलिस के दखल देने से पहले उनकी पिटाई कर दी. इस घटना के वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं.
इस घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका ने आरोप लगाया कि हाल के समय में राजस्थान पेपर लीक का एक बड़ा केंद्र बन गया है. उन्होंने कहा कि जो राज्य कई IITians और चार्टर्ड अकाउंटेंट तैयार करता है, वहां अब शिक्षा व्यवस्था में गिरावट देखी जा रही है. रांका ने कहा कि प्रोटेस्ट साइट पर युवाओं का जमावड़ा बढ़ती चिंताओं को दर्शाता है और जोर देकर कहा कि शिक्षा व्यवस्था में सुधार के प्रयास किए जाएंगे.
प्रदर्शनकारी लोगों के हाथों में राष्ट्रीय ध्वज, 'पेपर लीक बंद करो' और 'हम देश से प्यार करते हैं, भ्रष्टाचार को नकारते हैं' जैसे नारों वाले पोस्टर लिए हुए थे. कुछ महिलाएं अपने छोटे बच्चों के साथ भी विरोध प्रदर्शन में शामिल हुईं.
विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए नारे लगाए गए. लोगों ने शहीद स्मारक के प्रवेश द्वार पर कॉकरोच का चित्र बनाया और मंत्री के इस्तीफे की मांग वाले नारे लिखे.
यह भी पढ़ें: CJP चीफ अभिजीत दिपके को युवक ने जड़ा थप्पड़, जयपुर में प्रदर्शन के दौरान हंगामा
'बिना इस्तीफा नहीं लौटेंगे...'
अपने संबोधन के दौरान, अभिजीत दिपके ने यह भी ऐलान किया कि प्रदर्शनकारी 20 जून को दिल्ली तक मार्च करेंगे और कहा कि वे इस्तीफा हासिल किए बिना वापस नहीं लौटेंगे.
सोमवार का विरोध प्रदर्शन राष्ट्रगान के साथ संपन्न हुआ, जिसके बाद समर्थकों ने 'वंदे मातरम' और "भारत माता की जय" के नारों के बीच अभिजीत को उनके व्हीकल तक पहुंचाया. पुलिस ने बताया कि यह प्रदर्शन CJP द्वारा परीक्षा में अनियमितताओं, पेपर लीक और बेरोजगारी से जुड़े मुद्दों को लेकर आयोजित किया गया था.
अभिजीत पर हमला करने वाले कौन हैं?
सीजेपी फाउंडर अभिजीत दिपके प्रोटेस्ट साइट पर पहुंचे. इसके बाद, हमलावर एक साथ उनके सामने आए और उनमें से एक शख्स ने आगे बढ़ थप्पड़ मारना शुरू कर दिया. हमला करने वालों में एक की पहचान राकेश गुर्जर के रूप में हुई है, जो जयपुर का ही रहने वाला है.
पुलिस ने बताया कि हिरासत में लिए जाने के बाद राकेश गुर्जर ने कहा कि मैं एक राष्ट्रवादी हूं. उसने आगे कहा कि अभिजीत की सोच 'जिहादी' है और वह लोगों को गुमराह कर रहे हैं, पेपर लीक तो बस एक बहाना है.
aajtak.in