पेपर लीक और बेरोजगारी के मुद्दे पर राजस्थान की राजधानी जयपुर में आयोजित विरोध प्रदर्शन के हंगामा खड़ा हो गया. कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के फाउंडर अभिजीत दिपके को थप्पड़ मार दिया गया. इसके बाद मौके पर तनावपूर्ण स्थिति बन गई. पुलिस दो युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
पुलिस के मुताबिक, ये घटना जयपुर के शहीद स्मारक पर हुई. वहां बड़ी संख्या में युवा NEET पेपर लीक, परीक्षा में गड़बड़ी और बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन करने के लिए जुटे थे. प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने नारे लिखे हुए प्लेकार्ड हाथों में ले रखे थे और सरकार से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे थे.
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही अभिजीत दिपके प्रदर्शन स्थल पर पहुंचे, उनके समर्थकों ने उन्हें अपने कंधों पर उठा लिया. इसी दौरान भीड़ में मौजूद कुछ युवकों ने कथित तौर पर उन्हें थप्पड़ मार दिया. अचानक हुई इस घटना से मौके पर अफरा-तफरी मच गई. दिपके के समर्थकों नेकथित आरोपी को पकड़ लिया.
बताया जा रहा है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने और हस्तक्षेप करने से पहले आरोपी युवक के साथ मारपीट भी हुई. हालात बिगड़ते देख पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और दोनों पक्षों को अलग किया. इस मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने दो युवकों को हिरासत में ले लिया. उनसे पूछताछ की जा रही है.
इस घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है. पुलिस पता लगा रही है कि थप्पड़ मारने की घटना अचानक हुई या इसके पीछे कोई पूर्व योजना थी. प्रदर्शन के दौरान युवा शिक्षा व्यवस्था के खिलाफ जमकर नारेबाजी कर रहे थे. उनका आरोप था कि पेपर लीक मामलों ने लाखों छात्रों के भविष्य को प्रभावित किया है.
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने NEET पेपर लीक मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. विरोध प्रदर्शन के दौरान केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग भी जोर-शोर से उठाई गई. प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेपर लीक की घटनाओं के लिए जवाबदेही तय की जानी चाहिए.
पुलिस के अनुसार, कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) की ओर से आयोजित इस प्रदर्शन का मुख्य मुद्दा परीक्षा में गड़बड़ी, पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बेरोजगारी था. बड़ी संख्या में युवा इन मुद्दों पर अपनी नाराजगी जाहिर करने और सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाने के लिए शहीद स्मारक पर एकत्र हुए थे.
विशाल शर्मा