पुणे के विमाननगर इलाके में स्थित एक स्पा सेंटर पर पुलिस की कार्रवाई के दौरान घबराई हुई एक युवती ने इमारत की खिड़की से छलांग लगा दी. जिससे उसकी मौत हो गई. जबकि कूदने से स्पा सेंटर का मैनेजर गंभीर रूप से घायल हो गया. जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार विमाननगर पुलिस ने दोपहर करीब तीन बजे सिटी स्पेस इमारत में स्थित स्पा सेंटर पर छापा मारा. उस समय स्पा सेंटर का दरवाजा अंदर से बंद था. पुलिस ने दरवाजा खटखटाया, जिसके बाद अंदर मौजूद घबराई हुई युवती और मैनेजर ने खिड़की से छलांग लगा दी. इस दौरान युवती के सिर में गंभीर चोट लग गई, जिससे उसकी मौत हो गई.
प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस पर लगाया ये आरोप
मैनेजर के पैर में गंभीर चोट आई है और उसका इलाज जारी है. इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने अन्य चार युवतियों को सुरक्षित बाहर निकाला. घटना के बाद पुलिस करीब 20 मिनट तक घटनास्थल पर ही मौजूद रही. प्रत्यक्षदर्शी के अनुसार घायल युवती और मैनेजर को तुरंत एंबुलेंस या पुलिस वाहन से अस्पताल नहीं ले जाया गया. अगर समय पर इलाज मिल जाता तो युवती बच सकती थी.
हालांकि वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने दावा किया है कि घायल युवती और मैनेजर को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया था. मामले की जांच करवाई जा रही और आगे की कार्रवाई जारी है.
(इनपुट- आदित्य भावर)
aajtak.in