नागपुर पुलिस ने आरएसएस मुख्यालय के पास महल इलाके के कोठी रोड पर देर रात हुई फायरिंग के मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस को मिली शिकायत के अनुसार, ये घटना रविवार रात करीब साढ़े 11 बजे कोठी रोड पर हुई, जहां तीन मोटरसाइकिलों पर सवार छह युवकों ने अचानक दो राउंड फायरिंग की. फायरिंग के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए. इस वारदात के बाद से पूरे महल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है.
नागपुर पुलिस के डीसीपी राहुल मदने ने बताया कि रविवार रात को कोठी रोड पर फायरिंग करने के मामले में कोतवाली पुलिस ने 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
उन्होंने बताया कि शुरुआती जांच में पुलिस को पता चला है कि बाइक सवार आरोपी महल इलाके में केवल दहशत फैलाने और अपना दबदबा कायम करने के इरादे से पहुंचे थे. इसी मकसद से आरोपियों ने कोठी रोड पर अचानक दो राउंड फायरिंग करने के तुरंत बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए थे.
स्थानीय निवासी सौरभ ने कोतवाली पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें रवि मोहतो और गंगा काकड़े पर फायरिंग का आरोप लगाया गया है. कोतवाली पुलिस की शुरुआती जांच में मामला आपसी रंजिश और इलाके में वर्चस्व कायम करने की कोशिश से जुड़ा बताया जा रहा है.
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पकड़े गए आरोपियों का पुराना आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया है. इन सभी के खिलाफ पहले से ही मादक पदार्थों और अवैध नशीले पदार्थों की तस्करी से जुड़े कई गंभीर मामले दर्ज हैं. कोतवाली पुलिस को आशंका है कि ये पूरी फायरिंग ड्रग्स के कारोबार से जुड़े आपराधिक गिरोहों के आपसी गैंगवॉर का नतीजा है, जिसकी कड़ाई से तफ्तीश की जा रही है.
योगेश पांडे