नागपुर में सोशल मीडिया पर इन दिनों फैल रही ‘बच्चा चोर गैंग’ की अफवाह ने एक बार फिर खतरनाक रूप ले लिया है. यहां हिंगणा थाना क्षेत्र के इसासनी इलाके में 60 वर्षीय एक बुजुर्ग महिला को भीड़ ने बच्चा चोर समझकर बेरहमी से पीट दिया. हालांकि पुलिस की समय पर दखल से महिला की जान बच गई. इस पिटाई का एक वीडियो भी सामने आया है. जांच में महिला निर्दोष पाई गई.
दवा खाने के लिए महिला ने बच्चों से मांगा पानी तो लोगों ने समझ लिया बच्चा चोर
जानकारी के मुताबिक बुजुर्ग महिला दवा लेने के लिए अस्पताल गई थी. दवा लेकर घर लौटते समय उन्हें थकान महसूस हुई और दवा लेने के लिए पानी की जरूरत पड़ी. ऐसे में पास में खेल रहे एक छोटे बच्चे से उन्होंने पानी मांगा. लेकिन महिला को मराठी और हिंदी ठीक से नहीं आती थी और वह भोजपुरी में बात कर रही थीं, जिससे लोग उनकी बात समझ नहीं पाए.
यह भी पढ़ें: LPG की किल्लत के बीच नागपुर में सख्ती, नया आदेश मिलते ही पुलिस हुई अलर्ट
इसी दौरान वहां मौजूद एक महिला ने अचानक शोर मचाते हुए आरोप लगाया कि बुजुर्ग महिला उसकी छोटी बच्ची को बैग में डालकर अपहरण करने की कोशिश कर रही थी. आरोप लगते ही माहौल तनावपूर्ण हो गया और कुछ लोगों ने बिना सच्चाई जाने बुजुर्ग महिला की पिटाई शुरू कर दी.
पुलिस ने लोगों से की ये अपील
भीड़ की मारपीट के बीच महिला खुद का बचाव भी नहीं कर पा रही थी. सूचना मिलने पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और किसी तरह महिला को भीड़ से छुड़ाकर सुरक्षित थाने ले गई. बाद में महिला के बेटे और बहू को बुलाया गया, तब पूरा सच सामने आया कि महिला निर्दोष थी.
दरअसल, नागपुर में पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर बच्चा चोर गैंग की झूठी अफवाहें फैल रही हैं. पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि ऐसी अफवाहों पर विश्वास न करें और कानून हाथ में न लें.
योगेश पांडे