मुंबई में मौत का मैनहोल! खुले गड्ढे में गिरा बुजुर्ग, कड़ी मशक्कत से निकाला गया शव

मुंबई के साकिनाका में एक खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय के शख्स की मौत हो गई. मरम्मत के दौरान मैनहोल का ढक्कन हटाया गया था, जिससे शख्स गिरकर बह गया. बहुत मशक्कत के बाद उनका शव सीवर से निकाला गया. इस मामले में बीएमसी ने लापरवाही पर जांच और ठेकेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आदेश दिया है.

Advertisement
मोबाइल में बात करते हुए व्यक्ति मैनहोल में गिर गया. (Photo- ITGD) मोबाइल में बात करते हुए व्यक्ति मैनहोल में गिर गया. (Photo- ITGD)

दीपेश त्रिपाठी

  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 5:08 PM IST

मुंबई के साकिनाका में खैरानी रोड पर एक खुले मैनहोल में गिरने से 60 वर्षीय बुजुर्ग की मौत हो गई. मृतक की पहचान यादव नगर के रहने वाले असलम इसाक शेख के रूप में हुई है. 

दरअसल गुरुवार दोपहर को खैरानी रोड पर सन्मान होटल और एस जे स्टूडियो के पास ड्रेनेज सिस्टम के रखरखाव का काम चल रहा था. एक निजी ठेकेदार के तीन कर्मचारी एक गाड़ी के साथ वहां काम कर रहे थे. मरम्मत के लिए उन्होंने मैनहोल का ढक्कन हटा रखा था.

Advertisement

इसी दौरान असलम शेख वहां से पैदल गुजर रहे थे. वो मोबाइल फोन पर बात करने में मग्न थे और उनका ध्यान सड़क पर खुले इस गड्ढे की तरफ नहीं गया. संतुलन बिगड़ने की वजह से वो सीधे मैनहोल के अंदर जा गिरे.

तेज बहाव में बहे, सिर्फ छाता और चप्पल मिली

वहां काम कर रहे निजी कर्मचारियों ने तुरंत मैनहोल में एक सीढ़ी नीचे उतारी और उन्हें बचाने की कोशिश की. लेकिन पानी का बहाव इतना तेज था कि असलम शेख का कुछ पता नहीं चला. कर्मचारियों को नीचे सिर्फ उनका छाता और चप्पल ही तैरती हुई मिलीं. गंदे पानी की भारी रफ्तार के कारण ये अंदाजा लगाना भी मुश्किल था कि वो किस दिशा में बह गए हैं.

कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया शव

घटना की सूचना मिलते ही साकिनाका पुलिस और मुंबई फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत मौके पर पहुंची. फायर ब्रिगेड के जवानों ने फौरन सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. मैनहोल के अंदर काफी देर तक तलाश करने के बाद आखिरकार जवानों को असलम शेख का शव दिखाई दिया. रेस्क्यू टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद उनके शव को पानी से बाहर निकाला.

Advertisement

लापरवाह ठेकेदार पर होगी सख्त कार्रवाई

इस हादसे के बाद प्रशासन पर सवाल उठ रहे हैं कि सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए बिना मैनहोल को खुला क्यों छोड़ दिया गया था. मामले की गंभीरता को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने इस पर जांच के आदेश दे दिए हैं. मुंबई मेयर ने मृतक के परिजन को 10 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान भी किया है.

यह भी पढ़ें: युवराज की मौत के बाद भी नहीं जागा ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण! खुले गड्ढे में समा गई कार

मुंबई के उपमहापौर संजय घाड़ी ने हादसे पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वाले और मैनहोल को खुला रखने वाले ठेकेदार के खिलाफ बीएमसी सख्त से सख्त कार्रवाई करेगी. साकिनाका पुलिस भी इस मामले में आगे की जांच कर रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »