Maharashtra News: अमरावती जिले के चांदूर रेलवे स्थित आनंद मठ के एक महाराज पर महिला ने 10 वर्षों तक यौन, मानसिक, शारीरिक और आर्थिक शोषण करने का गंभीर आरोप लगाया है. महिला की शिकायत पर चांदूर रेलवे पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया है. घटना के बाद से आरोपी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है.
पुलिस के अनुसार आरोपी की पहचान दत्तगिरी गुरु जयरामजी महाराज के रूप में हुई है, जो चांदूर रेलवे के आनंद मठ से जुड़े हैं. पीड़िता का आरोप है कि वर्ष 2014 में धार्मिक कार्यक्रमों के दौरान उसकी आरोपी से पहचान हुई. इसके बाद आरोपी ने उसका विश्वास जीतकर अगस्त 2016 में आनंद मठ बुलाया और उसकी इच्छा के विरुद्ध जबरन शारीरिक संबंध बनाए. विरोध करने पर जान से मारने की धमकी भी दी गई.
शिकायत के अनुसार वर्ष 2016 से 30 मई 2026 तक आरोपी ने शादी करने और सुखी जीवन का झांसा देकर कई बार उसका यौन शोषण किया. इस दौरान मानसिक, शारीरिक और आर्थिक रूप से भी उसका शोषण किया गया.
महिला का आरोप है कि शादी के बाद भी आरोपी उसके संपर्क में रहा और उसे पति से तलाक लेने के लिए उकसाया. तलाक के बाद उसे आनंद मठ में पत्नी की तरह रखा गया तथा श्रद्धालुओं से पैसे एकत्र कराने का काम कराया गया. आरोप है कि एकत्र की गई रकम का उपयोग आरोपी अपने निजी खर्च के लिए करता था.
शिकायत में यह भी कहा गया है कि बाद में महिला को मठ से निकाल दिया गया. 19 जून 2026 को जब वह दोबारा मठ पहुंची तो आरोपी ने कथित तौर पर श्रद्धालुओं के सामने उसका अपमान किया, गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी देकर वहां से भगा दिया.
इस पूरे मामले को लेकर चांदूर रेलवे पुलिस थाने के प्रभारी सुरेश मस्के से बातचीत की गई. उन्होंने पुष्टि की कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर आरोपी दत्तगिरी गुरु जयरामजी महाराज के खिलाफ POCSO अधिनियम, दुष्कर्म और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
उन्होंने बताया कि मामला दर्ज होने के बाद से आरोपी महाराज फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है और उसकी तलाश जारी है. पुलिस का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
धनंजय साबले