झारखंड के पलामू जिले में शनिवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हो गए. यह हादसा पटान थाना क्षेत्र के करिहर गांव में उस समय हुआ जब दो बाइकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. दुर्घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
पुलिस के अनुसार, हादसा करीब तीन बजे हुआ. टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर ही गंभीर स्थिति बन गई और चारों घायलों को तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया. अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद दो लोगों को मृत घोषित कर दिया, जबकि दो अन्य का इलाज जारी है.
मृतकों की पहचान पदवा निवासी 45 वर्षीय ओमप्रकाश राम और चक निवासी 55 वर्षीय रामसरन दास के रूप में हुई है. घटना के बाद पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी है.
यह भी पढ़ें: पलामू मॉब लिंचिंग: प्रेमिका से मिलने पहुंचे लड़के का कत्ल... 2 आरोपी गिरफ्तार, 6 लोग फरार
आमने-सामने टक्कर में गई जान
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के समय मृतक ओमप्रकाश राम और रामसरन दास एक बाइक पर सवार थे और उनके साथ एक नाबालिग लड़की भी थी. इसी दौरान सामने से एक युवक दूसरी बाइक लेकर आ रहा था. दोनों वाहन तेज रफ्तार में बताए जा रहे हैं.
जैसे ही दोनों बाइक आमने-सामने आईं, चालक नियंत्रण खो बैठे और जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी तेज थी कि सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए. स्थानीय लोगों ने तुरंत मदद करते हुए एंबुलेंस की व्यवस्था की और घायलों को अस्पताल पहुंचाया.
इस दुर्घटना ने गांव और आसपास के इलाकों में शोक का माहौल हो गया है. परिजनों को घटना की जानकारी मिलते ही वे अस्पताल पहुंचे, जहां मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया.
पुलिस जांच और इलाज जारी
पटान थाना प्रभारी शशि शेखर पांडेय ने बताया कि सभी घायलों को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने दो लोगों को मृत घोषित कर दिया. बाकी दो घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
पुलिस ने दोनों बाइकों को जब्त कर लिया है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी दर्ज किए जा रहे हैं ताकि दुर्घटना की पूरी परिस्थितियों का पता लगाया जा सके.
फिलहाल पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है और मामले की जांच जारी है.
aajtak.in