'अफवाह मत फैलाओ, वरना बंद करने पड़ेंगे पेट्रोल पंप', सीएम उमर अब्दुल्ला की जनता को सख्त चेतावनी

मिडिल ईस्ट में जंग के बीच जम्मू-कश्मीर में पेट्रोल-डीजल की किल्लत की अफवाहों पर सीएम उमर अब्दुल्ला ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने साफ चेतावनी दी है कि अगर पेट्रोल पंपों पर बेवजह की भीड़ और पैनिक बाइंग कम नहीं हुई, तो वे कुछ दिनों के लिए पंपों को पूरी तरह बंद कर सकते हैं. उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में तेल और राशन का पर्याप्त स्टॉक है. इसी मुद्दे पर कल पीएम मोदी सभी मुख्यमंत्रियों के साथ बड़ी बैठक भी करेंगे.

Advertisement
लोग सरकार की नहीं, अफवाहों की सुन रहे हैं'-सीएम उमर अब्दुल्ला (File Photo: PTI) लोग सरकार की नहीं, अफवाहों की सुन रहे हैं'-सीएम उमर अब्दुल्ला (File Photo: PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 26 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 11:31 PM IST

मिडिल ईस्ट में मचे घमासान का असर अब कश्मीर की गलियों और जम्मू के बाजारों में भी दिखने लगा है. पेट्रोल पंपों पर उमड़ रही भारी भीड़ और सोशल मीडिया पर फैल रही किल्लत की खबरों को देखते हुए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने मोर्चा संभाल लिया है. उन्होंने साफ लफ्जों में जनता से अपील की है कि घबराने की कोई बात नहीं है, राज्य में तेल और राशन का पूरा स्टॉक मौजूद है. उमर ने दो-टूक कहा कि अगर लोग इसी तरह पेट्रोल पंपों के बाहर कैंप लगाकर खड़े रहे और भीड़ कम नहीं हुई, तो वे अगले कुछ दिनों के लिए पंपों को पूरी तरह बंद करने का सख्त फैसला ले सकते हैं.

Advertisement

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, गुरुवार को मीडिया से बात करते हुए उमर अब्दुल्ला थोड़े परेशान भी दिखे. उन्होंने कहा कि सरकार बार-बार भरोसा दे रही है कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी (LPG) की कोई कमी नहीं है, फिर भी लोग अफवाहों के चक्कर में आकर जरूरत से ज्यादा सामान खरीद रहे हैं. अब्दुल्ला ने बड़े ही अच्छे ढंग से समझाया कि ये भीड़ ही असली समस्या खड़ी कर रही है. उन्होंने अफसोस जताते हुए कहा, 'बड़ी अजीब बात है कि जब सरकार कुछ कहती है तो कोई नहीं सुनता, लेकिन लोग सोशल मीडिया की अफवाहों पर तुरंत यकीन कर लेते हैं.'

कल प्रधानमंत्री के साथ बड़ी बैठक

उमर अब्दुल्ला ने बताया कि इस पूरे मामले को लेकर खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक्शन में हैं. शुक्रवार शाम 6:30 बजे पीएम मोदी सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ एक ऑनलाइन मीटिंग करने वाले हैं. उन्होंने कहा, 'इस मीटिंग में ईरान और उसके आसपास के हालात पर चर्चा होगी. हम ये सुनिश्चित करेंगे कि अगर पश्चिम एशिया में जंग लंबी खिंचती है, तो भी हमारे पास जरूरी सामानों की सप्लाई न रुके.' सरकार ने पहले ही स्थिति का रिव्यू कर लिया है और फिलहाल किसी भी तरह की राशनिंग या पाबंदी की जरूरत नहीं है.

Advertisement

सिर्फ घरेलू सप्लाई ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय राजनीति पर भी उमर ने अपनी राय रखी. जब उनसे पाकिस्तान द्वारा ईरान और अमेरिका-इजरायल के बीच बिचौलिया  बनने की कोशिशों पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत ही सधा हुआ जवाब दिया. उमर ने कहा कि अगर पाकिस्तान इस युद्ध को रुकवाने में कोई भूमिका निभाता है, तो किसी को भी इस पर आपत्ति नहीं होनी चाहिए. अगर उनके बातचीत करने से जंग रुकती है और क्षेत्र में शांति आती है, तो यह पूरी दुनिया के हित में है. फिलहाल, उनका पूरा ध्यान इस बात पर है कि जम्मू-कश्मीर की जनता को अफवाहों से बचाकर जरूरी सुविधाएं मिलती रहें.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement