सोनीपत जिले के गुमड़ गांव में उस समय दहशत फैल गई जब एक शराब कारोबारी के घर पर ताबड़तोड़ फायरिंग हुई. घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया और स्थानीय लोग सहम गए. पीड़ित पक्ष का आरोप है कि यह हमला पुरानी रंजिश के चलते किया गया है. आरोप है कि गांव के ही कुछ लोगों ने मिलकर उनके घर को निशाना बनाया और 6 से 7 राउंड गोलियां चलाईं. फायरिंग के निशान घर की दीवारों और खिड़कियों के शीशों पर साफ देखे जा सकते हैं.
घटना के वक्त परिवार के लोग घर के अंदर मौजूद थे. गनीमत यह रही कि इस फायरिंग में किसी को चोट नहीं आई और कोई जानी नुकसान नहीं हुआ. हालांकि हमले से परिवार में दहशत फैल गई. पीड़ित कुनाल ने आरोप लगाया है कि हमलावरों ने जानबूझकर दहशत फैलाने के इरादे से फायरिंग की. उन्होंने बताया कि अचानक कई राउंड गोलियां चलने से परिवार घबरा गया और जान बचाने के लिए घर के अंदर ही छिप गया.
घटना के वक्त परिवार घर के अंदर मौजूद था
इस घटना से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज और एक लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें फायरिंग की घटना को देखा जा सकता है. वीडियो के वायरल होने के बाद मामला और गंभीर हो गया है. घटना की सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने इस मामले में सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है और सभी आरोपियों की तलाश की जा रही है.
पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ दर्ज किया केस
बाइट में पीड़ित कुनाल ने कहा कि उन पर पहले से रंजिश चल रही थी और इसी कारण उनके घर को निशाना बनाया गया. पुलिस अब इस पूरे मामले की जांच सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर कर रही है. वहीं घटना के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बनाए रखी, जिससे कई सवाल भी उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. गांव में इस घटना के बाद दहशत का माहौल बना हुआ है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं.
पवन राठी