लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से दो सगे भाइयों की हत्या, रोहतक में डबल मर्डर से हड़कंप

रोहतक के आईएमटी थाना क्षेत्र के गांव पोलंगी में दो सगे भाइयों कर्मवीर उर्फ बुल्ला और कुलदीप की घर में घुसकर हत्या कर दी गई. हमलावरों ने सिर और मुंह कुचल दिए. तीसरा भाई नन्हा जान बचाकर भाग निकला. एसपी सुरेंद्र भौरिया ने मौके का जायजा लिया. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ जारी है.

Advertisement
तीसरा भाई जान बचाकर भागा.(Photo: Screengrab) तीसरा भाई जान बचाकर भागा.(Photo: Screengrab)

सुरेंदर सिंह

  • रोहतक,
  • 13 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:23 PM IST

हरियाणा के रोहतक जिले के आईएमटी थाना क्षेत्र के गांव पोलंगी में दो सगे भाइयों की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हमलावरों ने दोनों के सिर और मुंह को कुचल दिया. इस दोहरे हत्याकांड से गांव में सनसनी फैल गई है. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.

मृतकों की पहचान कर्मवीर उर्फ बुल्ला (50) और कुलदीप (52) के रूप में हुई है. दोनों अविवाहित थे और खेती-बाड़ी कर गुजर-बसर करते थे. उनके शवों का पोस्टमार्टम पीजीआई रोहतक में कराया जाएगा.

Advertisement

यह भी पढ़ें: हरियाणा: रोहतक के रिटोली में शराब ठेके पर 35-40 राउंड चली गोलियां, गैंगवार में एक की मौत

घर में घुसकर वारदात, तीसरा भाई बचा

गांव से मिली जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार दोपहर कुछ लोग उनके घर में घुस आए. आरोप है कि हमलावरों ने लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से दोनों भाइयों पर हमला कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए.

हमले के समय तीसरे भाई नन्हा (54) पर भी वार किया गया, लेकिन वह किसी तरह जान बचाकर भागने में सफल रहा. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें गांव पहुंच गईं.

एसपी ने लिया जायजा, फोरेंसिक टीम जांच में जुटी

घटना की सूचना मिलते ही रोहतक पुलिस और अपराध जांच शाखा की टीमें मौके पर पहुंचीं. क्राइम सीन का बारीकी से मुआयना किया गया. फोरेंसिक एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया की टीम को भी मौके पर बुलाया गया. पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र भौरिया ने घटनास्थल का दौरा कर अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, कुछ लोगों को राउंडअप कर पूछताछ की जा रही है. गांव के ही कुछ लोगों के नाम इस मामले में सामने आए हैं.

लापता लड़की से जुड़ाव की चर्चा

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में गांव की पूर्व सरपंच की पोती लापता हो गई थी. उसके परिवार को जयनारायण के बड़े बेटे नन्हा पर संदेह था. इसी बात को लेकर गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई थी. चर्चा है कि इसी विवाद को लेकर यह वारदात हुई है.

हालांकि, एसपी सुरेंद्र भौरिया ने लड़की के मामले का जिक्र तो किया, लेकिन विस्तृत जानकारी साझा नहीं की. उन्होंने कहा कि पुलिस तेजी से जांच कर रही है और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल गांव में सन्नाटा पसरा है और लोग खुलकर कुछ भी बोलने से बच रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement