हरियाणा के पलवल जिले के हथीन इलाके में एक बंदर को पकड़ने के बाद ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसका वीडियो अब चर्चा में है. वीडियो में एक शख्स बंदर को अपनी पीठ पर लादकर ले जाता दिखाई दे रहा है. उसके पीछे लोगों की बड़ी भीड़ चल रही है. इस दौरान कुछ लोग बंदर को थप्पड़ मारते भी नजर आ रहे हैं. बताया जा रहा है कि यह वीडियो 19 अक्टूबर का है. हथीन इलाके में पिछले कुछ दिनों से बंदरों के आतंक के कारण लोग परेशान थे. खासतौर पर एक बंदर ने लोगों को काफी परेशान कर रखा था. बताया गया कि यह बंदर एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काट चुका था. इसके चलते इलाके के लोगों में डर बना हुआ था.
बंदर को पकड़ने के लिए लोग करीब 10 दिनों से मशक्कत कर रहे थे. आखिरकार लोगों को उसे पकड़ने में कामयाबी मिल गई. बंदर पकड़े जाने की खबर फैलते ही लोग उत्साहित हो गए और उसे देखने के लिए बड़ी संख्या में पीछे चल पड़े. बंदर के आतंक से परेशान लोगों के बीच उसे पकड़ने को लेकर इनाम की घोषणा भी की गई थी. हथीन नगर पालिका की चेयरपर्सन के पति ने पिछले दिनों इस बंदर को पकड़ने पर 51 हजार रुपये का इनाम देने का ऐलान किया था.
सोते समय गर्दन पर किया था हमला
करीब 10 दिनों की कोशिश के बाद बंदर पकड़ा गया. इसके बाद उसे रिहायशी इलाके से दूर ले जाया जा रहा था. इसी दौरान लोगों की भीड़ उसके पीछे चलने लगी. वायरल वीडियो में एक व्यक्ति बंदर को पीठ पर लादकर ले जाता दिख रहा है. कुछ लोग उसके साथ चलते हुए बंदर को थप्पड़ मारते भी नजर आ रहे हैं.
इलाके में बंदर के हमले को लेकर एक व्यक्ति ने अपना अनुभव भी बताया. उसने कहा कि वह सो रहा था, तभी अचानक बंदर उसकी पीठ पर बैठ गया और गर्दन पर हमला कर दिया. जैसे ही उसकी नींद खुली और उसने लाइट जलाई, उससे पहले ही बंदर ने उसके हाथ पर भी काट लिया. उस व्यक्ति के मुताबिक, हमला करने के बाद बंदर दरवाजे से निकलकर भाग गया. उसने बताया कि लाइट जलाने से पहले ही बंदर गायब हो गया था, इसलिए वह उसे ठीक से देख नहीं पाया. उससे जब पूछा गया कि क्या यह बंदर ही था या कोई दूसरा जानवर, तो उसने कहा कि उसने खुद जानवर को नहीं देखा था. इलाके में बंदर के हमलों की चर्चा थी, इसलिए उसे बंदर होने की आशंका थी.
बंदर पकड़े जाने के बाद लोगों ने ली राहत की सांस
हथीन में बंदर पकड़े जाने के बाद लोगों में उत्साह दिखाई दिया. वायरल वीडियो में बड़ी संख्या में लोग बंदर को ले जाने वाले व्यक्ति के पीछे चलते नजर आ रहे हैं. हालांकि, इस दौरान कुछ लोगों का बंदर को थप्पड़ मारना भी वीडियो में दिखाई देता है. इलाके में एक दर्जन से ज्यादा लोगों को काटने वाले बंदर को पकड़ने के लिए लंबे समय से कोशिश की जा रही थी. करीब 10 दिनों की मशक्कत के बाद उसे पकड़ लिया गया. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है और बंदर को पकड़ने के बाद उमड़ी भीड़ लोगों का ध्यान खींच रही है.
सचिन गौड़