गुजरात के जामनगर में ऑनलाइन फूड ऑर्डर को लेकर एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है. एक ग्राहक ने आरोप लगाया है कि ऑनलाइन मंगाए गए वेज पास्ता में कथित तौर पर नॉनवेज के टुकड़े मिले. घटना के बाद ग्राहक ने कड़ी आपत्ति जताते हुए जामनगर महानगरपालिका के फूड विभाग में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है.
जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता परेश चुडासमा ने Zomato के माध्यम से दिगजाम सर्कल स्थित एक होटल से वेज पास्ता का ऑर्डर किया था. उनका कहना है कि भोजन करते समय उन्हें पास्ता के भीतर कथित तौर पर नॉनवेज जैसे टुकड़े दिखाई दिए. इसके बाद उन्होंने तुरंत इस पर आपत्ति दर्ज कराई.
यह भी पढ़ें: बैडमिंटन रैकेट थामते ही जामनगर में छा गईं रवींद्र जडेजा की पत्नी, कोर्ट पर दिखा जलवा, हर शॉट पर गूंजा तालियों का शोर
ग्राहक का आरोप है कि जिस भोजन को वेज बताकर भेजा गया, उसमें कथित तौर पर नॉनवेज सामग्री का होना गंभीर लापरवाही है. उनका कहना है कि इस तरह की घटनाएं ग्राहकों के भरोसे को भी प्रभावित करती हैं.
धार्मिक भावनाओं का हवाला देकर की कार्रवाई की मांग
शिकायतकर्ता परेश चुडासमा ने कहा कि जो लोग धार्मिक आस्था या व्यक्तिगत कारणों से नॉनवेज का सेवन नहीं करते, उनके लिए इस तरह की लापरवाही बेहद गंभीर है. उन्होंने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला मामला बताया है.
उन्होंने संबंधित होटल के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि इस मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. साथ ही यह भी पता लगाया जाए कि कथित तौर पर भोजन में मिला पदार्थ क्या था और यह गलती किस स्तर पर हुई.
शिकायत के बाद मामला जामनगर महानगरपालिका के फूड विभाग तक पहुंच गया है. विभाग ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रक्रिया शुरू कर दी है.
जांच रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
फूड विभाग के अधिकारियों के अनुसार, शिकायत मिलने के बाद मामले की जांच की जा रही है. जांच के दौरान भोजन के नमूनों और अन्य तथ्यों की पड़ताल की जाएगी.
अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि पास्ता में मिला पदार्थ वास्तव में क्या था. फिलहाल ग्राहक के आरोपों की सत्यता की पुष्टि जांच के बाद ही हो पाएगी.
यदि जांच में शिकायत सही पाई जाती है तो संबंधित होटल के खिलाफ खाद्य सुरक्षा नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई की जा सकती है. फिलहाल फूड विभाग पूरे मामले की जांच में जुटा हुआ है.
aajtak.in