गुजरात की राजधानी गांधीनगर में नगर निगम चुनाव के लिए वोटिंग जारी है. यहां 11 वार्ड की 44 सीटों पर वोट डाले जा रहे हैं. चुनाव में कुल 130 उम्मीदवार मैदान में हैं. इनमें बीजेपी और कांग्रेस के 44-44 उम्मीदवार शामिल हैं. आम आदमी पार्टी ने 32 उम्मीदवार उतारे हैं. बाकी सीटों पर अन्य उम्मीदवार चुनाव लड़ रहे हैं.
वोटिंग के लिए 295 पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं. करीब 2.60 लाख वोटर्स अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे. वोटों की गिनती 13 अक्टूबर को होगी. इसी दिन चुनाव के नतीजे भी घोषित किए जाएंगे.
बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला
गांधीनगर नगर निगम चुनाव में बीजेपी और कांग्रेस के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा है. आम आदमी पार्टी भी चुनाव मैदान में है. बीजेपी इस बार सभी 44 सीटों पर जीत का दावा कर रही है. वहीं, कांग्रेस ने बीजेपी के शासन और कामकाज पर सवाल उठाए हैं.
पिछले नगर निगम चुनाव साल 2021 में हुए थे. तब बीजेपी ने 44 में से 41 सीटों पर जीत दर्ज की थी. कांग्रेस को 2 सीटें मिली थीं. आम आदमी पार्टी ने एक सीट जीती थी. इस बार बीजेपी के सामने अपना पिछला प्रदर्शन दोहराने की चुनौती है.
इस बीच कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद शक्तिसिंह गोहिल ने गांधीनगर के सेक्टर 19 स्थित वोटिंग सेटर पर वोट डाला. उन्होंने कहा कि गांधीनगर गुजरात की राजधानी है. उन्होंने दावा किया कि यहां के मतदाताओं का रुझान कांग्रेस के पक्ष में रहा है.
गोहिल ने बीजेपी सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि सरकार के शासन में भ्रष्टाचार बढ़ा है. उन्होंने सरकारी कर्मचारियों की भर्ती और युवाओं को रोजगार देने के तरीके पर भी सवाल उठाए. गोहिल ने कहा कि, नियमित भर्ती के बजाय युवाओं को कॉन्ट्रैक्ट पर रखा जा रहा है. इससे युवाओं का शोषण हो रहा है.
बीजेपी के सभी 44 सीटें जीतने के दावे पर भी गोहिल ने प्रतिक्रिया दी. उन्होंने कहा कि चुनाव में जनता फैसला करती है. सभी सीटें जीतने का दावा करना अहंकार है. लोकतंत्र में जनता का जनादेश सबसे अहम होता है.
गांधीनगर शहर बीजेपी अध्यक्ष आशीषकुमार दवे ने भी परिवार के साथ वोट किया. उन्होंने कहा कि बीजेपी इस बार सभी 44 सीटों पर जीत हासिल करेगी. उन्होंने लोगों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की. दवे ने कहा कि गांधीनगर विकास के रास्ते पर आगे बढ़ रहा है. उन्होंने विकास, विरासत और सनातन धर्म के मुद्दों का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि नवरात्रि का पहला दिन होने के कारण शुरुआती दो घंटों में मतदान की रफ्तार कम रही. हालांकि, उन्होंने आगे मतदान बढ़ने की उम्मीद जताई.
सुरक्षा के लिए 1100 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
चुनाव को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए हैं. चुनाव अधिकारियों और करीब 1700 मतदान कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है. गांधीनगर के पुलिस अधीक्षक रवि तेजा वासमशेट्टी ने भी परिवार के साथ वोट किया.
उन्होंने बताया कि मतदान केंद्रों पर सुरक्षा के लिए 1000 से ज्यादा पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है. इसमें एक एसपी, छह डीवाईएसपी, 20 पुलिस इंस्पेक्टर और 60 पुलिस सब-इंस्पेक्टर शामिल हैं. मतगणना के दिन भी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी. चुनाव परिणाम आने के बाद विजय जुलूसों के लिए भी पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी.
अतुल तिवारी