आधे किलो की गोल्ड चेन पहनकर पहुंची डॉक्टर, कस्टम्स की नजर पड़ी तो खुल गया तस्करी का राज

अहमदाबाद एयरपोर्ट पर कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट ने शारजाह से आई 31 वर्षीय महिला डॉक्टर को सोने की तस्करी के आरोप में पकड़ा है. महिला के हाई-नेक स्वेटर के अंदर करीब 500 ग्राम 24 कैरेट सोने की चेन छिपी मिली, जिसकी कीमत 83.14 लाख रुपये से ज्यादा बताई गई है.

Advertisement
महिला ने हाई-नेक स्वेटर पहना और चेन छिपा रखा था. (Photo- ITG) महिला ने हाई-नेक स्वेटर पहना और चेन छिपा रखा था. (Photo- ITG)

ब्रिजेश दोशी

  • अहमदाबाद,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 10:20 AM IST

अहमदाबाद के सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर सोने की तस्करी का हैरान करने वाला मामला सामने आया है. कस्टम्स की एयर इंटेलिजेंस यूनिट यानी AIU ने शारजाह से अहमदाबाद पहुंची एक महिला डॉक्टर को करीब आधा किलो सोने के साथ पकड़ा है. महिला ने सोने की भारी चेन को अपने हाई-नेक स्वेटर के अंदर इस तरह छिपाया था कि पहली नजर में इसका पता लगाना मुश्किल था.

Advertisement

जानकारी के मुताबिक, महिला डॉक्टर 31 साल की है और भावनगर की रहने वाली है. वह शारजाह से एयर अरेबिया की फ्लाइट नंबर G9-418 से अहमदाबाद पहुंची थी. एयरपोर्ट पर कस्टम्स की टीम विदेश से आने वाले यात्रियों की चेकिंग और प्रोफाइलिंग कर रही थी. इसी दौरान एक महिला यात्री की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर उसे रोककर पूछताछ की गई.

यह भी पढ़ें: Raksha Bandhan 2026: सोना-चांदी पहुंच से दूर! रक्षाबंधन पर बिक रही गोबर से बनी राखी और ज्वैलरी

गोल्ड चेन की कीमत 83 लाख रुपये से भी ज्यादा

इसके बाद महिला की बारीकी से जांच की गई. जांच के दौरान उसके पहने हुए हाई-नेक स्वेटर के अंदर एक भारी सोने की चेन छिपी मिली. कस्टम्स अधिकारियों ने जब चेन की जांच की तो उसका वजन 499.540 ग्राम यानी करीब आधा किलो निकला. सोने की शुद्धता 24 कैरेट पाई गई.

Advertisement

कस्टम्स के मुताबिक, जब्त किए गए सोने की बाजार कीमत करीब 83 लाख 14 हजार 843 रुपये है. अधिकारियों ने सोने की चेन को कस्टम्स एक्ट, 1962 की संबंधित धाराओं के तहत जब्त कर लिया.

महिला डॉक्टर को गिरफ्तारी के बाद मिली रिहाई

पूछताछ में महिला के डॉक्टर होने की जानकारी सामने आई. इसके बाद कस्टम्स एक्ट के तहत उसे गिरफ्तार कर लिया गया. हालांकि कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया.

यह भी पढ़ें: Gold-Silver Rates: सोना 7900 रुपये और चांदी ₹10,000 महंगी, हफ्तेभर में बड़ी उछाल!

अब कस्टम्स की जांच सिर्फ सोने की बरामदगी तक सीमित नहीं है. अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि महिला डॉक्टर को यह सोना विदेश में किसने दिया था और अहमदाबाद पहुंचने के बाद उसे यह खेप किसे सौंपनी थी. जांच एजेंसियों को शक है कि इस मामले के पीछे कोई बड़ा तस्करी नेटवर्क भी हो सकता है. इसी कड़ी को जोड़ने के लिए महिला से पूछताछ और आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »