कांग्रेस नेता राहुल गांधी शुक्रवार को दिल्ली के बंगाली मार्केट इलाके में स्थित टोडरमल पार्क पहुंचे. वहां उन्होंने ऑटो रिक्शा ड्राइवरों के एक ग्रुप से मुलाकात की. इस दौरान उनका एक अलग अंदाज देखने को मिला. उन्होंने ड्राइवरों के साथ जमीन पर बैठकर लंच किया, जिसमें दाल-रोटी, सब्जी शामिल थी. इस मुलाकात का मुख्य मकसद बढ़ती महंगाई के बीच ऑटो ड्राइवरों की रोजमर्रा की समस्याओं को समझना था. राहुल गांधी ने उन्हें भरोसा दिया है कि वे संसद के भीतर उनके मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे.
इस मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने ड्राइवरों के साथ काफी वक्त बिताया. खाना खाते-खाते उन्होंने बड़े ही अपनेपन से उनके काम-धंधे का हालचाल जाना. न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, ऑटो चालक रमेश प्रसाद ने राहुल से बिल्कुल खुलकर बात की. उन्होंने समझाया कि आजकल बाजार में काम काफी मंदा चल रहा है. इस बातचीत में राहुल ने परिवार के सदस्य की तरह उनके बच्चों की पढ़ाई-लिखाई पर चिंता जताई. वे जानना चाहते थे कि कम कमाई में रोज के खाने-पीने का इंतजाम कैसे होता है. रमेश ने खुशी से कहा कि हम सबने राहुल के साथ बैठकर बेहद सादगी से दाल, रोटी और सब्जी का आनंद लिया.
मुलाकात खत्म होने के बाद वहां मौजूद बच्चों में राहुल गांधी के साथ फोटो खिंचाने की होड़ मच गई. राहुल ने बड़े प्यार से बच्चों के साथ सेल्फी ली. इसके बाद वे खुद एक ऑटो रिक्शा में बैठकर वहां से रवाना हो गए.
संसद में पीएम मोदी के सामने उठाऊंगा आपकी बात: राहुल गांधी
एक अन्य ऑटो चालक अरिंदर कुमार शाह के अनुसार, बातचीत के दौरान महंगाई का मुद्दा भी उठा. खासकर गैस के बढ़ते दाम को लेकर ड्राइवरों ने अपनी चिंता जताई. उनका कहना था कि बढ़ते खर्च के बीच बचत करना मुश्किल होता जा रहा है. अरिंदर के मुताबिक राहुल गांधी ने भरोसा दिया कि वह ऑटो चालकों की समस्याओं को संसद में उठाएंगे और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सामने भी उनकी परेशानियों का जिक्र करेंगे.
राहुल गांधी के इस अचानक दौरे और ड्राइवरों के साथ आम इंसान की तरह जमीन पर बैठकर खाना खाने की तस्वीरें अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं. राजनीतिक गलियारों में भी इस मुलाकात की काफी चर्चा है, क्योंकि राहुल गांधी सीधे आम जनता से जुड़े मुद्दों को अपनी राजनीति के केंद्र में रख रहे हैं.
aajtak.in