दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के कैलाश हिल्स इलाके में बीते गुरुवार को एक मेड की हत्या से सनसनी फैल गई. पुलिस के मुताबिक महिला का शव खून से लथपथ हालत में मिला, जबकि मौके पर मौजूद एक डॉक्टर को हिरासत में ले लिया गया. शुरुआती जांच में बैट और चाकू से हमले की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, डर्मेटोलॉजिस्ट डॉ. मनीष गुप्ता ने अपने घर में काम करने वाली 45 साल की मीना पर क्रिकेट बैट से हमला किया और उस पर कई बार चाकू से वार किए. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
10 साल से डिप्रेशन और ओसीडी
पुलिस ने बताया कि सुबह करीब 11:36 बजे कॉल मिली कि एक महिला की हत्या हो गई है और उसका शव पड़ोसी मकान की छत पर खून से लथपथ पड़ा है. पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां डॉ. मनीष गुप्ता शव के पास खड़े मिले. पुलिस ने उन्हें तुरंत हिरासत में ले लिया. पूछताछ के दौरान डॉक्टर ने मीना की हत्या करने की बात कबूल की. पुलिस के अनुसार, मीना करीब 15 साल से उनके घर में काम कर रही थी. फिलहाल पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि हत्या से पहले क्या हुआ था और घटना किस वजह से हुई.
पुलिस के मुताबिक, डॉ. गुप्ता पिछले करीब 10 साल से डिप्रेशन और ओसीडी का इलाज करा रहे हैं. वह लंबे समय से दवाएं भी ले रहे थे. जांच टीम उनकी मानसिक हालत और इलाज से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है ताकि यह पता चल सके कि घटना में इसका कोई संबंध था या नहीं.
हत्या के वक्त घर में था बेटा
पुलिस ने साफ किया है कि डॉक्टर के करीब 20 वर्षीय बेटे की इस मामले में कोई भूमिका नहीं है. वह पूरी तरह सामान्य हालत में है. वहीं डॉक्टर की पत्नी, जो आयुर्वेदिक त्वचा रोग विशेषज्ञ हैं, घटना के समय घर पर मौजूद नहीं थीं. स्थानीय लोगों और इलाके में काम करने वाले घरेलू कर्मचारियों के मुताबिक, घटना से कुछ देर पहले छत से चीखने की आवाजें सुनाई दी थीं. आसपास रहने वाले लोगों ने भी शोर-शराबा सुना और बाद में पुलिस को सूचना दी गई.
मीना के बेटे रॉबिन ने बताया कि उनकी मां रोज की तरह सुबह काम पर गई थीं. बाद में उन्हें फोन पर मां की मौत की जानकारी मिली. उन्होंने कहा कि उन्हें अब भी यकीन नहीं हो रहा कि ऐसा हो गया. मीना के भाई शुभो धरगल ने भी कहा कि शुरुआत में उन्हें पूरी जानकारी नहीं दी गई और वह अपनी बहन का शव भी नहीं देख सके.
आसपास के घरों के CCTV खंगाल रही पुलिस
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में घरेलू कर्मचारी, रिश्तेदार और स्थानीय लोग डॉक्टर के घर के बाहर जमा हो गए. कई लोगों ने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की. कुछ लोगों ने नारेबाजी भी की, जिसके बाद पुलिस को अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा.
पुलिस आसपास की इमारतों के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देख रही है. साथ ही पड़ोसियों, परिवार के लोगों, घरेलू कर्मचारियों और पीसीआर कॉल करने वाले व्यक्ति के बयान दर्ज किए जा रहे हैं. शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. रिपोर्ट आने के बाद चोटों और मौत की वजह को लेकर और जानकारी सामने आ सकती है.
यह दूसरी बार है जब दो महीने के भीतर इस इलाके में ऐसी बड़ी हत्या की घटना सामने आई है. अप्रैल में कैलाश हिल्स इलाके में एक वरिष्ठ आईआरएस अधिकारी की 22 वर्षीय बेटी की कथित तौर पर दुष्कर्म के बाद हत्या कर दी गई थी.
aajtak.in