दिल्ली की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए आज राजधानी में 45 नए 'आयुष्मान आरोग्य मंदिर' खोले गए हैं. एक कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इन स्वास्थ्य केंद्रों का उद्घाटन किया और दिल्ली की सरकार की उपल्बिधायां गिनाईं.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने पूर्ववर्ती सरकार पर निशाना साधते हुए कहा, यह पुराने मोहल्ला क्लिनिक की तरह नहीं हैं, यहां आधुनिक स्वास्थ्य ढांचा और सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं. दिल्ली के लोगों को बेहतर जीवन और स्वास्थ्य सुविधाएं देना हमारी जिम्मेदारी है, जिसे हम पूरी ईमानदारी से निभा रहे हैं.
हर विधानसभा को 100 करोड़ का बजट, हर ब्लॉक में काम जारी
मुख्यमंत्री ने बताया कि दिल्ली की हर एक विधानसभा को विकास कार्यों के लिए 100-100 करोड़ रुपये का भारी-भरकम बजट दिया गया है. अब हर एक ब्लॉक और कॉलोनी में तेजी से काम चल रहा है, उन्होंने आरडब्ल्यूए (RWA) और स्थानीय निवासियों को भरोसा देते हुए कहा कि अब अगर किसी भी ब्लॉक के लोग काम करवाने के लिए कहेंगे, तो मुख्यमंत्री फंड में पैसों की कोई कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी. त्रिनगर विधानसभा वर्षो से दुखी थी, कोई काम नहीं नहीं हो रहा था, एक वोट ने ताकत दी जिसके चलते हज़ारो काम हो पा रहे हैं.
जलभराव से मुक्ति और पिछली सरकारों पर निशाना
मुख्यमंत्री ने कहा, दिल्ली में 15 साल और 11 साल तक चलने वाली सरकारें चली गईं, लेकिन जो काम पिछली सरकारें सालों में नहीं कर सकीं, वो काम हमारी सरकार करके दिखाएगी.उन्होंने इस साल के मानसून प्रबंधन का जिक्र करते हुए दावा किया कि दिल्ली में जो इलाके हर साल पूरी तरह से जलमग्न हो जाते थे, इस बार वहां बिल्कुल भी जलभराव देखने को नहीं मिला है.
शासन में पारदर्शिता लाने के लिए मुख्यमंत्री ने भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि हमारी सरकार 'जीरो टॉलरेंस अगेंस्ट करप्शन' की नीति पर काम कर रही है. भ्रष्टाचार करने वाला व्यक्ति चाहे कितना भी बड़ा क्यों न हो, उसे किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. इसके साथ ही उन्होंने दिल्ली वासियों के लिए एक बड़े प्रशासनिक सुधार का ऐलान किया सरकार आगामी मानसून सत्र में 'राइट टू सर्विस' कानून लेकर आ रही है.
सुशांत मेहरा