पश्चिमी दिल्ली के निहाल विहार इलाके में 25 वर्षीय मेकअप आर्टिस्ट के कथित तौर पर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है. पुलिस को घटनास्थल से एक सुसाइड नोट भी मिला है, जिसमें उसने एक परिचित व्यक्ति पर आरोप लगाए हैं.
पुलिस के अनुसार, 26 मई को करीब 2:15 बजे निहाल विहार थाने में घटना की पीसीआर कॉल मिली थी. जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जहां युवती अपने दोस्त के कमरे में फंदे से लटकी हुई मिली. उसे तुरंत बालाजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.
इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए संजय गांधी अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने मौत का कारण फांसी बताया.
जांच के दौरान पुलिस को मौके से सुसाइड नोट मिला, जिसमें युवती ने एक जानकार व्यक्ति का नाम लिया है और उस पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच के आधार पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मामला दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है और आगे की जांच जारी है.
aajtak.in