ससुराल बना चोरी का अड्डा! ड्राइवर दामाद ने पत्नी-साली संग रची 13 लाख की लूट की साजिश, 1600 CCTV से खुला राज

दुर्ग पुलिस ने अंतर्राज्यीय ‘दामाद गैंग’ का भंडाफोड़ कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. आरोपी नौशाद भिलाई में ससुराल में रहकर दिन में सूने मकानों की रेकी करता और रात में साढ़ू संग चोरी करता था. पत्नी व साली चोरी का सामान ज्वेलर्स को बेचती थीं. पुलिस ने 1600 CCTV खंगालकर 13 लाख से अधिक का माल बरामद किया, जबकि फरार साढ़ू की तलाश जारी है.

Advertisement
13 लाख से ज्यादा का सामान बरामद.(Photo: Raghunandan Panda/ITG) 13 लाख से ज्यादा का सामान बरामद.(Photo: Raghunandan Panda/ITG)

रघुनंदन पंडा

  • दुर्ग,
  • 17 मई 2026,
  • अपडेटेड 10:15 PM IST

छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में पुलिस ने एक ऐसे अंतर्राज्यीय चोरी गिरोह का खुलासा किया है, जो परिवार के साथ मिलकर सूने मकानों को निशाना बनाता था. आरोपी नौशाद भिलाई के खुर्सीपार स्थित अपने ससुराल में रहकर चोरी की पूरी योजना तैयार करता था और फिर रात में वारदात को अंजाम देता था. पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि एक आरोपी साढ़ू फरार है.

Advertisement

उत्तर प्रदेश के जौनपुर निवासी नौशाद भिलाई में अपने ससुराल में रहकर ड्राइवरी का काम करता था. इसी दौरान वह दिन में बंद मकानों की रेकी करता था. रात के समय वह अपने साढ़ू के साथ मिलकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था. गिरोह ने दुर्ग जिले और बालोद जिले में कुल छह चोरी की वारदातों को अंजाम दिया.

यह भी पढ़ें: छत्तीसगढ़: दुर्ग में भीषण हादसा, घर में आग लगने के बाद सिलेंडर फटा, एक परिवार के 4 लोगों की मौत

लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के बाद दुर्ग पुलिस ने जांच शुरू की और करीब 1600 सीसीटीवी फुटेज खंगाले. कई फुटेज में एक संदिग्ध व्यक्ति नजर आया, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो पा रही थी. बाद में सोशल मीडिया की मदद से संदिग्ध की पहचान नौशाद के रूप में हुई और पुलिस उसके तक पहुंची.

Advertisement

पत्नी और साली संभालती थीं चोरी का सामान

पुलिस जांच में सामने आया कि चोरी किए गए गहनों और अन्य सामान को ठिकाने लगाने का काम नौशाद की पत्नी नगीना और साली मदीना करती थीं. दोनों बहनें चोरी के माल को गिरवी रखने और बेचने का काम संभालती थीं. चोरी के बाद सोने-चांदी के जेवर पावर हाउस स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स में गिरवी रखे जाते थे या सीधे बेच दिए जाते थे.

इस मामले में भिलाई पावर हाउस बाजार स्थित शुभलाभ ज्वेलर्स के संचालक दुर्गेश गोस्वामी का नाम भी सामने आया. पुलिस ने चोरी का सोना-चांदी खरीदने के आरोप में उसे भी गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के मुताबिक चोरी से मिले पैसों से आरोपियों ने हीरो डेस्टिनी वाहन खरीदा था, जिसका इस्तेमाल आने-जाने में किया जाता था.

गुरुनानक नगर, वैशाली नगर, हाउसिंग बोर्ड जामुल, चरोदा, राधिका नगर, पुदुमनगर और बालोद जिले के करहीभदर इलाके में लगातार चोरी की घटनाएं सामने आई थीं, जिनका खुलासा इस कार्रवाई से हुआ है.

13 लाख से ज्यादा का सामान बरामद, एक आरोपी फरार

सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी के अनुसार, पुलिस ने 1600 सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद इस अंतर्राज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया. जांच में पता चला कि नौशाद पहले अपने परिवार के साथ पुणे और मुंबई में रहता था और बाद में भिलाई आकर ड्राइवरी करने लगा.

Advertisement

पुलिस ने आरोपी नौशाद, उसकी पत्नी नगीना, साली मदीना और ज्वेलर्स दुर्गेश गोस्वामी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है. गिरोह से 13 लाख 12 हजार रुपये से अधिक के सोने-चांदी के जेवर और एक वाहन जब्त किया गया है. मामले में नौशाद का साढ़ू अभी फरार है और उसकी तलाश जारी है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement