पंख बंद हों तो सूखा पत्ता, खोलते ही अद्भुत नीला-नारंगी रंग... पहली 'राज्य तितली' का मिला दर्जा, ऑरेंज ओकलीफ में गजब खूबियां

Chhattisgarh State Butterfly: छत्तीसगढ़ की पहली 'राज्य तितली' बनी ऑरेंज ओकलीफ. पंख बंद होने पर दिखती है सूखा पत्ता, उड़ान में बिखेरती है मोहक रंग. पढ़िए नई राज्यीय तितली की खासियत...

Advertisement
छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड ने दी 'ऑरेंज ओकलीफ' को मंजूरी.(Photo:ITG) छत्तीसगढ़ राज्य वन्यजीव बोर्ड ने दी 'ऑरेंज ओकलीफ' को मंजूरी.(Photo:ITG)

aajtak.in

  • रायपुर,
  • 12 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 7:46 PM IST

छत्तीसगढ़ के वन्यजीव इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है. राज्य वन्यजीव बोर्ड ने बेहद अनोखी और खूबसूरत 'ऑरेंज ओकलीफ' (Orange Oakleaf) तितली को प्रदेश की पहली आधिकारिक 'राज्य तितली' घोषित करने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है. अपनी अद्भुत छद्म आवरण और तेज उड़ान के लिए पहचानी जाने वाली यह तितली अब छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक पहचान बन गई है. पंख बंद तो सूखा पत्ता, खोलते ही जादूई रंग...

Advertisement

ऑरेंज ओकलीफ तितली की सबसे बड़ी खासियत इसकी प्राकृतिक बनावट है. जब यह तितली अपने पंखों को बंद करती है, तो हूबहू पेड़ से गिरे एक सूखे पत्ते की तरह दिखाई देती है, जिससे जंगल में इसे पहचान पाना बेहद मुश्किल हो जाता है. इसके विपरीत, जब यह अपने पंख खोलती है, तो इसके भीतर से चमकीला और आकर्षक गहरा नीला, नारंगी और काला रंग दिखाई देता है, जो देखने वाले का मन मोह लेता है.

तेज उड़ान और चकमा देने की कला
यह तितली बहुत तेज उड़ान भरने वाली मानी जाती है. प्रकृति ने इसे ऐसी खूबी दी है कि जब यह अपने आसपास किसी तरह के खतरे को भांप लेती है, तो बिजली की तेजी से उड़ान भरती है. खतरे के वक्त यह तितली टेढ़ी-मीढ़ी उड़ान भरते हुए झाड़ियों में छिप जाती है और अचानक अपने पंख बंद कर लेती है. पंख बंद होते ही यह पलभर में 'सूखे पत्ते' में तब्दील हो जाती है, जिससे शिकारी गच्चा खा जाते हैं.

Advertisement

वन्यजीव बोर्ड की मीटिंग में अन्य अहम फैसले
नवा रायपुर में वन मंत्री केदार कश्यप की अध्यक्षता में हुई राज्य वन्यजीव बोर्ड की स्थायी समिति की बैठक में तितली के दर्जे के साथ-साथ कई अन्य महत्वपूर्ण संरक्षण पहलों पर मुहर लगाई गई:

ब्लैकबक का रीलोकेशन: बरनवापारा वन्यजीव अभयारण्य से 50 ब्लैकबक (काला हिरण) को गोमर्डा वन्यजीव अभयारण्य ले जाने की मंजूरी दी गई है.

नया ट्रांजिट ट्रीटमेंट सेंटर: अंबिकापुर के संजय पार्क में मानव-वन्यजीव संघर्ष और दुर्घटनाओं में घायल जंगली जानवरों के त्वरित इलाज के लिए एक आधुनिक बचाव केंद्र बनाया जाएगा.

सड़क अपग्रेडेशन: संरक्षित वनों से गुजरने वाली 18 ग्रामीण सड़कों को अपग्रेड करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की सिफारिश की गई है.

आवास योजना और मुआवजा: हाथी प्रभावित क्षेत्रों में कच्चे घरों की जगह पक्के घर बनाने के लिए मुख्यमंत्री विशेष आवास योजना और फसल नुकसान के मुआवजे पर 'प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना' के तहत विचार करने का निर्णय लिया गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »