छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव की तैयारियां शुरू हो गई हैं. राजनीतिक पार्टियों में आर-पार की जंग भी शुरू हो गई है. लेकिन चुनावों से पहले ही छत्तीसगढ़ के बिलासपुर से एक ऐसी तस्वीर सामने आई है जो चौंकाती है.
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में पुलिस की बर्बरता कैमरे में कैद हुई है. पुलिसकर्मियों ने यहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठी बरसाई, जिसमें कांग्रेस नेता अटल श्रीवास्तव घायल हो गए. इस बर्बरता पर अब कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने भी सवाल उठा दिए हैं.
राहुल गांधी ने इस घटना का वीडियो ट्वीट करते हुए मोदी सरकार पर हमला किया. उन्होंने लिखा, ''नरेंद्र मोदी की हुकूमत में तानाशाही एक पेशा बन गया है. बिलासपुर में रमन सिंह की सरकार द्वारा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के मौलिक अधिकारों पर बुज़दिली से किए गए इस प्रहार को वहां की जनता सियासी ज़ुल्म के रूप में याद रखेगी.''
आपको बता दें कि कांग्रेस कार्यकर्ता मंगलवार को बिलासपुर में नगरीय निकाय मंत्री अमर अग्रवाल के घर प्रदर्शन करने गए थे, जिसके बाद पुलिस ने उनपर लाठियां बरसाई.
क्यों भड़के हैं कांग्रेसी?
अभी कुछ दिन पहले ही अमर अग्रवाल ने एक भाषण में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को कचरा कहकर संबोधित किया था, जिसके बाद से ही कांग्रेस उनपर आग बबूला है. कांग्रेसी नेता इसके बाद बिलासपुर में अमर अग्रवाल के घर कचरा फेंकने पहुंच गए और पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया.
स्थानीय पुलिस ने बयान दिया है कि पहले नेताओं ने कांग्रेस भवन जाकर गिरफ्तारी देने की बात कही, लेकिन बाद में उन्होंने मना कर दिया. जिसके बाद ये घटना हुई.
मोहित ग्रोवर