अगर आपको डायबिटीज है,तो ब्लड शुगर लेवल का टेस्ट करना जरूरी हो जाता है. इससे आपको अपने शरीर में शुगर के लेवल का पता चलता रहता है. इससे डायबिटीज से होने वाली किसी दूसरी परेशानी से भी समय रहते बचाव हो जाता है. एक्सपर्ट बताते हैं कि डायबिटीज मरीजों को शुगर टेस्ट रोज चेक करना चाहिए. इससे ट्रीटमेंट या दवाओं की डोज बदलनी है या नहीं इसकी सही जानकारी मिलती रहती है.
डायबिटीज मरीजों के लिए यह जरूरी है कि उनको पता हो कि टेस्ट करने का सही समय क्या है? दिन में कितनी बार शुगर टेस्ट करें? कितना शुगर लेवल नॉर्मल है. ऐसे कई सवालों का जवाब जानने के लिए हमने एक्सपर्ट से बातचीत की है.
कौन सी डायबिटीज में कब करें शुगर लेवल चेक
इस बारे में दिल्ली के AIIMS में एंडोक्राइनोलॉजी विभाग में प्रोफेसर डॉ. राजेश खड़गावत ने Aajtak.in को बताया है. डॉ राजेश कहते हैं कि अगर किसी को टाइप 1 डायबिटीज़ है, तो दिन में 4 से 5 बार ब्लड शुगर टेस्ट कर सकते हैं.आपको खाने से पहले, खाने के बाद, एक्सरसाइज़ करने से पहले और सोने से पहले जांच करनी चाहिए.
टेस्ट कितनी बार करना है यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप किस तरह की और कितनी मात्रा में इंसुलिन लेते हैं. अगर आप दिन में एक से अधिक बार इंसुलिन का शॉट लेते हैं, तो अक्सर खाने से पहले और सोने से पहले टेस्ट करने की सलाह दी जाती है. जो लोग इंटरमीडिएट या लॉन्ग-एक्टिंग इंसुलिन लेते हैं, तो आपको केवल नाश्ते से पहले और कभी-कभी रात के खाने से पहले या सोने से पहले शुगर टेस्ट करने की जरूरत पड़ सकती है.
जो लोग टाइप 2 डायबिटीज के मरीज हैं और केवल दवाओं से शुगर कंट्रोल करते हैं, तो आपको दिन में एक बार टेस्ट करने की ज़रूरत है. अगर आप सिर्फ़ डाइट और एक्सरसाइज़ से डायबिटीज को कंट्रोल करते हैं, तो भी आपको रोज शुगर चेक करना चाहिए.
यह भी पढ़ें: डायबिटीज से बचा सकता है दोस्तों का साथ, भारत में 9 साल तक हुई स्टडी में दावा, जानें एक्सपर्ट्स ने क्या बताया
शुगर चेक करते समय ये गलतियां कर देते हैं लोग
डॉ. राजेश बताते हैं कि मेडिकल साइंस में शुगर लेवल चेक करने के सही समय के बारे में साफ- साफ बताया गया है. अगर आप खाली पेट शुगर लेवल चेक कर रहे हैं तो कम से कम 8 घंटे की फास्टिंग होना जरूरी है. ऐसा नहीं है कि आप 6 घंटे या 12 घंटे भूखे रहने के बाद टेस्ट कर रहे हैं. सही समय है 8 घंटे खाली पेट रहें और फिर चेक करे. आपकी ये फास्टिंग रात के समय की होनी चाहिए. लेकिन लोग गलती करते हैं कि 5 से 6 घंटे या फिर 10 - 12 घंटे की फास्टिंग के बाद शुगर चेक करते हैं. इससे रीडिंग सही नहीं आती है. ऐसे में बीमारी का सही पता नहीं लग पाता है.
खाने के बाद कब करें शुगर चेक
डॉ राजेश कहते हैं कि खाने के 2 घंटे बाद ही आपको शुगर चेक करना चाहिए. न तो 1 घंटे का गैप रखें और न 3 घंटे का, सही समय है खाना खाने के 2 घंटे बाद. भले ही इसके लिए आप अलार्म सेट कर लें. जैसे ही आप खाना खा लें उसके 2 घंटे बाद चेक करें. इससे जो रीडिंग आती है वही आपके शुगर लेवल का सही पैमाना होता है.
यह भी पढ़ें: क्या आपका ब्लड ग्रुप B है? रिसर्च में टाइप-2 डायबिटीज़ का बढ़ा जोखिम
एचबीए1सी टेस्ट भी कराएं
डॉ राजेश कहते हैं कि डायबिटीज के मरीज 3 से 4 महीने में एक बाद एचबीए1सी टेस्ट भी करा सकते हैं. यह पिछले तीन महीने के शुगर लेवल की जानकारी देता है. यह टेस्ट आप खाने के बाद या खाली पेट कभी भी करा सकते हैं. इसमें टाइमिंग को कोई पाबंदी नहीं है.
कितना शुगर लेवल है ठीक
खाना खाने से पहले 80 से 110 mg/dl के बीच
खाना खाने के दो घंटे बाद 180 mg/dL से कम
इससे अधिक शुगर लेवल है तो क्या करें
डायबिटीज की दवा खा रहे हैं और फिर भी शुगर लेवल इससे अधिक है तो आपको अपने डॉक्टर से सलाह लेनी होगी. वह डाइट में बदलाव और दवाओं की डोज बढ़ाकर शुगर कंट्रोल करेंगे.
अभिषेक पांचाल