फैक्ट चेक: दो इमारतों को जोड़ने वाले ब्रिज के टूटने का ये वीडियो फिलीपींस में आए भूकंप का नहीं है

फिलीपींस भूकंप से जोड़कर वायरल किया जा रहा वीडियो भ्रामक निकला. फैक्ट चेक में यह मार्च 2025 के बैंकॉक भूकंप का वीडियो पाया गया.

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक

दावा
ये वीडियो फिलीपींस का है, जहां हाल ही में आए भूकंप में दो बिल्डिंग्स को जोड़ने वाला ये स्काईब्रिज टूट गया.
सच्चाई
ये वीडियो मार्च 2025 का है और बैंकॉक का है, जब म्यांमार में आए भूकंप का असर थाईलैंड तक हुआ था. 

फैक्ट चेक ब्यूरो

  • नई दिल्ली,
  • 09 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:24 PM IST

फिलीपींस में 8 जून को 7.8 तीव्रता का भूकंप आया. भूकंप की वजह से मरने वालों का आंकड़ा 40 से ज्यादा हो गया है. इसका केंद्र मिंडानाओ द्वीप के पास समुद्र में था. तेज झटकों के कारण कई इमारतों को भारी नुकसान पहुंचा है.

इसी संदर्भ में सोशल मीडिया पर एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है, जिसमें दो इमारतें हिलती हुई नजर आ रही हैं. इन दोनों इमारतों को जोड़ने वाला एक स्काईब्रिज भी टूट जाता है. इस खौफनाक मंजर को कुछ लोग फिलीपींस में आए भूकंप का बताकर शेयर कर रहे हैं.

वीडियो को फेसबुक पर शेयर करते हुए एक व्यक्ति ने लिखा, “7.8 तीव्रता के भूकंप ने हिला दीं गगनचुंबी इमारतें! कैमरे में कैद हुआ खौफनाक मंजर. फिलीपींस में आए 7.8 तीव्रता के शक्तिशाली भूकंप की भयावह तस्वीरें और वीडियो सामने आ रहे हैं. वीडियो में देखा जा सकता है कि दो ऊंची इमारतों को जोड़ने वाला स्काईब्रिज तेज झटकों के दौरान अपनी जगह से अलग हो जाता है, जबकि दोनों इमारतें खतरनाक तरीके से हिलती नजर आती हैं.”
 

Advertisement

आजतक फैक्ट चेक ने पाया कि ये मार्च 2025 का बैंकॉक का वीडियो है, जब म्यांमार में आए भूकंप का असर थाईलैंड तक हुआ था.

कैसे पता की सच्चाई?

वीडियो के कीफ्रेम्स को रिवर्स सर्च करने पर हमें ये CGTN के 30 मार्च, 2025 के फेसबुक पोस्ट में मिला. पोस्ट के मुताबिक ये घटना थाईलैंड की राजधानी बैंकॉक की है, जहां एक जबरदस्त भूकंप के चलते दो अपार्टमेंट बिल्डिंग को जोड़ने वाला एक स्काईब्रिज टूट गया था.
 

उस वक्त की तमाम न्यूज रिपोर्ट्स  में इस वीडियो को देखा जा सकता है. रिपोर्ट्स के मुताबिक 28 मार्च, 2025 को म्यांमार में 7.7 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया था, जिसके झटके म्यांमार समेत पड़ोसी देशों में भी महसूस किए गए थे. थाईलैंड भी इनमें शामिल था.

बैंकॉक पोस्ट की खबर के मुताबिक इस भूकंप के बाद बैंकॉक को आपदा क्षेत्र घोषित कर दिया गया था. बैंकॉक के तत्कालीन गवर्नर ने बताया था कि उन्हें भूकंप से हुए नुकसान की करीब 2,000 रिपोर्ट्स मिली थीं. बीबीसी की रिपोर्ट के मुताबिक इस भूकंप में 3000 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई थी.

Advertisement

साफ है, थाईलैंड का पुराना वीडियो अब फिलीपींस का बताकर शेयर किया जा रहा है. 

 
---- समाप्त ----

क्या आपको लगता है कोई मैसैज झूठा ?
सच जानने के लिए उसे हमारे नंबर 73 7000 7000 पर भेजें.
आप हमें factcheck@intoday.com पर ईमेल भी कर सकते हैं
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »