टीवी एक्टर शालीन भनोट हाल ही में इम्तियाज अली की फिल्म'मैं वापस आऊंगा' की स्क्रीनिंग में पहुंचे थे. इस दौरान वो ब्लैक टी-शर्ट और ब्लू जींस में नजर आए और पैपराजी के लिए पोज भी दिए. लेकिन इसी बीच सोशल मीडिया पर उनके निजी जीवन को लेकर एक ऐसी खबर वायरल हो गई, जिस पर अब खुद शालीन को सफाई देनी पड़ी है.
दरअसल, एक पैपराजी इंस्टाग्राम पेज ने शालीन का वीडियो शेयर करते हुए दावा कर दिया कि वो अपनी पहली पत्नी दलजीत कौर से दोबारा शादी करने वाले हैं. पोस्ट का कैप्शन था- Shalin Bhanot decided to re-marry with his 1st wife.
इस पोस्ट के सामने आते ही सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया. यूजर्स के बीच इस बात को लेकर खलबली मच गई कि क्या वाकई शालीन और दलजीत फिर से एक होने जा रहे हैं.
शालीन भनोट ने बताया खबर को झूठ
जब ये वायरल पोस्ट शालीन भनोट तक पहुंची तो उन्होंने तुरंत इस दावे का खंडन किया. एक्टर ने पोस्ट पर कमेंट करते हुए लिखा- ये खबर पूरी तरह झूठी और मनगढ़ंत है. शालीन ने आगे कहा कि किसी भी मीडिया पेज की जिम्मेदारी होती है कि वो किसी की निजी जिंदगी से जुड़ी जानकारी शेयर करने से पहले उसकी सच्चाई की जांच करे.
उन्होंने लिखा- सिर्फ व्यूज पाने के लिए किसी की पर्सनल लाइफ को लेकर झूठी खबरें फैलाना बेहद गैर-जिम्मेदाराना है. मीडिया प्लेटफॉर्म्स को फैक्ट चेक करने के बाद ही ऐसी बातें पोस्ट करनी चाहिए.
पोस्ट हटाने और माफी मांगने की मांग
शालीन यहीं नहीं रुके. उन्होंने संबंधित पेज को पोस्ट तुरंत हटाने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की चेतावनी भी दी. एक्टर ने लिखा- इस पोस्ट को तुरंत डिलीट करें और गलत जानकारी फैलाने के लिए अपने पेज पर आधिकारिक माफीनामा जारी करें. इसे चेतावनी समझिए. अगर ऐसा नहीं किया गया तो मुझे आपके और आपकी कंपनी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करनी पड़ेगी.
शालीन के इस जवाब के बाद कई सोशल मीडिया यूजर्स उनके समर्थन में उतर आए. एक यूजर ने लिखा- बिल्कुल सही कहा भाई, ऐसे लोगों को सबक सिखाना चाहिए. वहीं एक और फैन ने कमेंट किया- आप बिल्कुल सही हैं. ऐसी झूठी खबरों पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए.
2009 में हुई थी शालीन और दलजीत की शादी
बता दें कि शालीन भनोट और दलजीत कौर की मुलाकात टीवी शो'कुलवधू'के सेट पर हुई थी. दोनों ने साल 2009 में शादी की थी. इसके बाद 2014 में उनके बेटे जेडन का जन्म हुआ. हालांकि शादी के कुछ साल बाद दोनों के रिश्ते में दरार आ गई और साल 2015 में दोनों अलग हो गए. तब से दोनों अपनी-अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुके हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क