'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में सालों तक 'मेहता साहब' बनकर दर्शकों का दिल जीतने वाले शैलेश लोढ़ा इन दिनों अपनी बेटी स्वरा लोढ़ा की शाही शादी को लेकर चर्चा में हैं. राजस्थान के उम्मैद भवन पैलेस में हुई इस रॉयल वेडिंग में बॉलीवुड, राजनीति, बिजनेस और मीडिया जगत की कई बड़ी हस्तियों ने शिरकत की. लेकिन इस ग्रैंड वेडिंग में एक बात ने सभी का ध्यान खींचा. वो ये कि 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' का कोई भी पॉपुलर चेहरा नजर नहीं आया.
अब सोशल मीडिया पर यही सवाल पूछा जा रहा है कि आखिर जिस शो ने शैलेश लोढ़ा को घर-घर में पहचान दिलाई, उसी शो के कलाकार उनकी बेटी की शादी से दूर क्यों रहे?
शादी में सितारों का मेला, लेकिन TMKOC की टीम नहीं
शैलेश लोढ़ा की बेटी की शादी किसी ग्रैंड बॉलीवुड इवेंट से कम नहीं थी. इस खास मौके पर विक्की कौशल, कुमार विश्वास, राकेश बेदी, कृष्णा अभिषेक, योग गुरु बाबा रामदेव, राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा स्पीकर ओम बिरला, केंद्रीय मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, सुधीर चौधरी और हास्य कवि सुरेंद्र शर्मा समेत कई बड़ी हस्तियां और VIP गेस्ट पहुंचे.
लेकिन हैरानी की बात ये रही कि दिलीप जोशी (जेठालाल), मुनमुन दत्ता (बबीता जी), मंदार चंदवाडकर (भिड़े), सोनालिका जोशी (माधवी), अमित भट्ट (बापूजी) या शो के किसी दूसरे फेमस एक्टर्स की मौजूदगी नजर नहीं आई.
क्या अब भी खत्म नहीं हुई दूरियां?
शैलेश लोढ़ा ने साल 2022 में 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' को अलविदा कह दिया था. उस समय उनके शो छोड़ने की वजह को लेकर कई तरह की चर्चाएं हुई थीं. रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि वो अपने करियर में कुछ नया करना चाहते थे, जबकि बाद में शो के प्रोड्यूसर असित कुमार मोदी और शैलेश लोढ़ा के बीच मतभेदों की खबरें भी सामने आईं.
मामला तब और सुर्खियों में आया, जब शैलेश लोढ़ा ने कथित तौर पर अपने बकाया भुगतान को लेकर कानूनी लड़ाई लड़ी. बाद में उन्हें अपने बकाया पैसे भी मिले. इस पूरे विवाद ने काफी समय तक सुर्खियां बटोरी थीं.
इसलिए उठ रहे हैं सवाल
शैलेश लोढ़ा करीब 14 साल तक शो का अहम हिस्सा रहे. स्क्रीन पर जेठालाल और मेहता साहब की दोस्ती दर्शकों को खूब पसंद आई. ऐसे में जब उनकी बेटी की शादी जैसे खास मौके पर शो का कोई बड़ा चेहरा नजर नहीं आया तो फैंस के बीच सवाल उठना लाजिमी था.
हालांकि, अब तक न तो शैलेश लोढ़ा और न ही 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की टीम की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान सामने आया है. इसलिए ये कहना सही नहीं होगा कि कलाकारों की गैरमौजूदगी की वजह आपसी रिश्तों में खटास ही है. ये भी संभव है कि वो पर्सनल या प्रोफेशनल वजहों से फंक्शन में शामिल न हो पाए हों.
पहले भी कई आर्टिस्ट छोड़ चुके हैं शो
वैसे शैलेश लोढ़ा अकेले ऐसे कलाकार नहीं हैं, जिन्होंने शो छोड़ने के बाद मेकर्स पर सवाल उठाए हों.
इससे पहले दिशा वकानी, राज अनादकत, जेनिफर मिस्त्री, मोनिका भदौरिया, गुरुचरण सिंह समेत कई कलाकार किसी न किसी वजह से शो से अलग हो चुके हैं. इनमें से कुछ कलाकारों ने काम के माहौल, पेमेंट और व्यवहार को लेकर पब्लिकली अपनी नाराजगी भी जाहिर की थी. हालांकि मेकर्स ने समय-समय पर इन आरोपों से इनकार किया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क