टीवी एक्ट्रेस सना मकबूल ने बिग बॉस ओटीटी 3 जीता था. विनर बनने के बाद उन्होंने बहुत काम किया. लेकिन कुछ महीनों बाद वो गायब हो गईं. सना के लाइमलाइट से दूर जाने की वजह उनके हेल्थ इश्यूज हैं. सना ने कहा कि वो अपने काम से पहचान बनाना चाहती हैं. उन्हें रैंडम क्लिक होना या लाइमलाइट में आना पसंद नहीं है.
हेल्थ पर क्या बोलीं सना?
फिल्मीज्ञान संग बातचीत में सना ने हेल्थ पर बोलते हुए कहा कि उन्हें लिवर सिरोसिस है. कई लोगों को लगता है मैं शराब पीती हूं इसलिए मुझे ये बीमारी हुई है. लेकिन ऐसा कुछ नहीं है. मैं ड्रिंक नहीं करती. मैं सिरोसिस के शुरुआती स्टेज पर थी. खुद को ठीक करने के लिए काम से ब्रेक लेना पड़ा. बिग बॉस ओटीटी से फेम मिलने के 6 महीने दिन रात काम किया. तभी अचानक से तबीयत खराब हुई. मेरी बॉडी को हिंट मिल रहे थे लेकिन मैं इग्नोर करती चली गई. मुझे बहुत काम करना था, घर लेना था, फैमिली के लिए कुछ करना था.
''मुझे पता चला कि मेरे पेट में पानी भरा हुआ था. लिवर की बायोप्सी हुई. तब मेरी कंडीशन काफी खराब थी. मुझे कहा गया था कि अगर 6 महीने में सुधार नहीं आया तो ट्रांसप्लांट कराना पड़ेगा. मुझे दुख है कि जब मेरा वक्त था तब मैं कुछ नहीं कर पाई. लोग कहते हैं ये गायब हो गई. लेकिन वो नहीं जानते मुझ पर क्या बीत रही है. मैं किन हेल्थ इश्यूज से जूझ रही हूं. वो नहीं जानते मेरी लाइफ में क्या चल रहा है. तबीयत को देखते हुए मैंने हेल्थ पर फोकस किया. मैं हील हुई. मैं खुद को कोसती हूं.''
सना ने कहा कि वो खतरों के खिलाड़ी 15 में पार्टिसिपेट करने वाली थीं. लेकिन हेल्थ इश्यूज की वजह से ये शो नहीं कर पाईं. सारी फॉर्मैलिटी होने के बाद उन्हें शो करने के लिए मना करना पड़ा.
सना मकबूल टीवी की जानी मानी एक्ट्रेस हैं. वो बिग बॉस ओटीटी 3 की विनर रही हैं. उन्होंने खतरों के खिलाड़ी 11 भी किया है. सना ने टीवी शो इस प्यार को क्या नाम दूं? और विष जैसे शोज में काम किया है. बिग बॉस के बाद सना कई म्यूजिक वीडियो में दिखी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क