बिहार की मनीषा रानी को फैंस जीटीवी के कुकिंग शो 'मां है ना' में देख रहे हैं. वो शो में अपने पिता संग नजर आई हैं. मनीषा ने शो में अपने पिता संग कुकिंग की. होस्ट शिल्पा शेट्टी को मनीषा ने अपने पिता की कुर्बानियों के बारे में बताया. उनका स्ट्रगल सुनने के बाद सेट पर मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गई थीं.
इमोशनल हुईं मनीषा रानी
शो का एक वीडियो सामने आया है जिसमें शिल्पा शेट्टी ने मनीषा रानी से पूछा कि शो का नाम 'मां है ना' है. आप यहां पर क्यों अपने पापा को लेकर आई हैं? इस सवाल का मनीषा ने इमोशनल जवाब दिया. वो कहती हैं- बचपन में पापा-मम्मी अलग हो गए थे. मुझे पापा ने पाला है. पापा ने मुझे वो लाइफ दी है जो एक मां देती है. मुझे लगता है सब लोग अपनी मां को सेलिब्रेट करते हैं. उन्हें ज्यादा मानते हैं. पापा को बोलते हैं कि चलो ठीक है. लेकिन जिसके पास शायद मेरे जैसे पापा हैं, उन्हें मां से ज्यादा प्यार मिलता है. इसलिए मैं इस शो में अपने पापा को लेकर आई हूं.
मनीषा ने कहा कि वो लोग 4 भाई बहन हैं. बचपन में स्कूल से आते थे तब पापा खाना बनाकर रखते थे. फिर हमें स्कूल लेने आते थे. अगर कभी खाना नहीं बना होता था. तब पापा हमें होटल लेकर जाते थे खाना खिलाने के लिए. दादी ने कई बार पापा को दूसरी शादी के लिए कहा था. लेकिन पापा ने हम चारों भाई-बहनों की खातिर दूसरी शादी नहीं की. उन्हें लगता था अगर दूसरी मां आएगी तो शायद हम लोगों को उतना प्यार नहीं करेगी. इसलिए पापा ने हमारे लिए शादी नहीं की. उन्होंने हमें पालने के लिए अपनी जिंदगी नहीं जी. मनीषा की बातें सुनकर उनके पिता रोने लगे. उनके आंसू रूक नहीं पाए. शिल्पा शेट्टी भी इमोशनल हो गई थीं. बाप-बेटी के प्यार ने सबकी आंखें नम कर दीं.
मनीषा रानी कई इंटरव्यू में बता चुकी हैं कि उनकी परवरिश मां के बिना हुई है. वो अपने पिता के बेहद करीब हैं. मनीषा के पिता को बेटी पर गर्व है. क्योंकि मनीषा आज स्टार हैं. वो कई रियलिटी शो में नजर आई हैं. बिहार की शान बन चुकी हैं. मनीषा ने मुंबई में करोड़ों का आशियाना भी बना लिया है. वो अपने करियर के पीक पर हैं. एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में मनीषा छाई हुई हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क