Daler Mehndi Net Worth: पंजाबी सिंगर दलेर मेहंदी म्यूजिक की दुनिया का बड़ा नाम हैं. उनके गाने लोगों को झूमने पर मजबूर कर देते हैं. लेकिन उत्तराखंड में एक नवरात्रि कार्यक्रम के दौरान अपनी परफॉर्मेंस को लेकर वो विवादों में फंस गए. दलेर मेहंदी को राज्य के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने मंच पर फटकार लगाई. मंत्री ने दावा किया कि दलेर मेहंदी नशे में थे, वो ठीक से खड़े भी नहीं हो पा रहे थे.
मंत्री ने ये भी दावा किया कि दलेर मेहंदी को अपनी परफॉर्मेंस के लिए 35 लाख का रुपये दिए गए थे, लेकिन वो उम्मीद के मुताबिक परफॉर्मेंस नहीं दे पाए. दलेर मेहंदी पर लगे आरोपों के बाद से कई बड़े स्टार्स उनके सपोर्ट में आगे आ रहे हैं. मीका सिंह से लेकर कपिल शर्मा ने भी दलेर मेहंदी के समर्थन में आवाज उठाई है.
इस पूरे विवाद के बाद से दलेर मेहंदी सुर्खियों में बने हुए हैं. उनकी इनकम भी चर्चा में है. तो चलिए जानते हैं कि सिंगर अपने गानों और स्टेज परफॉर्मेंस के लिए कितनी फीस लेते हैं.
कितनी दौलत के मालिक हैं दलेर मेहंदी?
Moneymint.com की रिपोर्ट के मुताबिक, सिंगर दलेर मेहंदी की कुल संपत्ति लगभग 124 करोड़ के आसपास आंकी गई है. उनकी महीनेभर की कमाई लगभग 40 लाख रुपये बताई जाती है, जबकि उनकी वार्षिक कमाई करीब 15 करोड़ रुपये है.
इसके अलावा, उनके पास लगभग 9.36 करोड़ की अन्य संपत्तियां होने की भी बात कही गई है. रिपोर्ट के अनुसार, दलेर मेहंदी 1.5 एकड़ जमीन पर बने एक फार्महाउस के मालिक हैं. यह हरियाणा के गुरुग्राम जिले में दमदमा झील के पास स्थित है.
गाड़ियों के शौकीन हैं दलेर मेहंदी
इसके अलावा दलेर मेहंदी के पास कुछ हाई-एंड कारें भी हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक, उनके पास 1.93 करोड़ की शानदार पोर्श केयेन (Porsche Cayenne) एसयूवी, 68.90 लाख की BMW 5 सीरीज, 2.17 करोड़ की मर्सिडीज बेंज एस-क्लास (Mercedes Benz S Class) और 4.17 करोड़ की रेंज रोवर वोग (Range Rover Vogue) है. हालांकि हम इसकी पुष्टि नहीं करते हैं, क्योंकि दलेर मेहंदी ने कभी खुद से अपनी नेटवर्थ और गाड़ियों को लकर कुछ रिवील नहीं किया है.
दलेर मेहंदी के गानों की बात करें तो उन्होंने 'तुनक तुनक तुन', 'हो जाएगी बल्ले बल्ले' से लेकर 'बोलो ता रा रा' और 'ना ना ना ना रे' समेत कई ऐसे शानदार गाने गाए हैं, जो किसी को भी झूमने पर मजबूर कर देते हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क