बिग बॉस का 11वां सीजन जब से शुरू हुआ है दर्शकों को रोजाना लड़ाई-झगड़ों को ओवरडोज देखने को मिल रहा है. एक ही एपिसोड में ना जाने कितनी बार बिना वजह से लड़ाईयां हो जाती हैं. बिग बॉस का पहला हफ्ता लड़ाईयों के नाम रहा. कोई भी कंटेस्टेंट एक-दूसरे से कम नहीं है. एक हफ्ता शो देखने के बाद तो लगता है कि हर कोई झगड़ा करने में माहिर है. आइए एक नजर डालते हैं घर में हुए इस हफ्ते के घमासान पर:
शिल्पा और विकास
शिल्पा और विकास की लड़ाई के तो क्या कहने. ये दोनों तो ग्रैंड प्रीमियर के दिन सलमान के सामने ही लड़ने लगे. घर में ऐसा कोई दिन नहीं जाता जब दोनों के बीच घमासान ना हो. अक्सर शिल्पा को देखा जाता है कि वह विकास को झगड़ने के लिए उकसाती हैं. लेकिन हाल के एपिसोड में तो कमाल ही हो गया. ये दोनों तो हाथापाई पर उतर आए हैं. 6 अक्टूबर को प्रसारित हुए एपिसोड में दोनों एक-दूसरे को धक्का-मुक्की देते दिखाई दिए.
इस हफ्ते हुए नॉमिनेशन में शिल्पा को सबसे ज्यादा वोट मिले. लड़ाई झगड़ों की वजह से वह घरवालों के निशाने पर हैं. शिल्पा को घर में ज्यादातर लोग नापंसद करते हैं. उन्हें सिर्फ अर्शी खान के साथ ही देखा जाता है. सभी जानते हैं कि अर्शी उसी तरफ हो जाती हैं जिस तरफ कंट्रोवर्सी होती है.
हिना और अर्शी खान
दूध की राशनिंग को लेकर हिना खान और अर्शी खान के बीच विवाद हो गया. अर्शी ने दूध का पूरा पैकेट किसी को बिना बताए इस्तेमाल किया. अर्शी ने कहा, मैं दिनभर दूध पीऊंगी और कोई मेरा दूध नहीं पीयेगा. हिना ने कहा, दूध घर में सभी को इस्तेमाल करना है. इसके बाद अर्शी ने हिना को तंग करना शुरू कर दिया.
बंदगी कालरा और जुबैर खान
इस हफ्ते दिल्ली की कंटेस्टेंट बंदगी कालरा और जुबैर खान के बीच गहमागहमी हुई. बंदगी ने जुबैर पर ठीक से बात नहीं करने का और ओवर एक्टिंग करने का आरोप लगाया.
सपना और जुबैर
जुबैर के गालीगलौच करने पर उनका और सपना का झगड़ा हो गया. दरअसल, सभी घरवाले बैठकर हंसी मजाक कर रहे थे. इसी दौरान जुबैर ने बहुत ही भद्दा नॉन वेज जॉक मारा. जिसपर सपना भड़क गईं. उन्होंने जुबैर को इस तरीके से लड़कियों के सामने बात ना करते की नसीहत दे डाली.
सपना और ज्योति
ज्योति और सपना के बीच शो के तीसरे दिन जमकर लड़ाई हुई थी. सपना का कहना है कि ज्योति ने बदतमीजी से बात की. रात होते-होते घरवाले एक बार फिर साथ बैठे इस दौरान सपना ने कहा, वह ज्योति की हरकतों को बर्दाशत नहीं करेंगी फिर चाहे उन्हें शो से ही बाहर क्यों न कर दिया जाए. घर में सपना के अलावा और भी कुछ कंटेस्टेंट मानते हैं कि ज्योति का बर्ताव अच्छा नहीं है.
विकास और आकाश
आकाश डडलानी को घर में कुछ खास फुटेज नहीं दी जा रही है. विकास की सेक्सुएलिटी को लेकर बार-बार सवाल करने पर इन दोनों में झगड़ा हो गया. विकास ने आकाश समेत उन सभी कंटेस्टेंट्स की जमकर क्लास ली, जो उन्हें लड़की जैसा कह रहे थे. उन्होंने कहा कि पहले तो किसी भी आदमी में औरत जैसे गुण होने के लिए उसकी आलोचना नहीं की जानी चाहिए और फिर जो लोग ऐसा करते हैं, इससे उनकी परवरिश का पता चलता है. उन्होंने कहा कि उनकी सेक्सुएलिटी यहां चर्चा का विषय होनी ही नहीं चाहिए, क्योंकि इसमें कुछ बुरा नहीं है.
जुबैर और अर्शी खान
अर्शी खान जबसे बिग बॉस के घर में गई हैं लड़ाईयां ही करवा रही हैं. उन्होंने एंट्री से पहले ही साफ कर दिया था कि वह घर में आग लगाएंगी और झगड़े कराएंगी. वह इसी नक्शे कदम पर चल रही हैं. जिसके चलते उनका जुबैर खान के साथ पंगा हुआ. जुबैर ने उन्हें कहा कि वह उनके मामले में टांग ना अड़ाए. उन्होंने अर्शी को दो कौड़ी की औरत तक कह डाला.