'घरों के फ्रीज पर भी छापे मारिए...', तुकाराम मुंढे से क्यों कर डाली ये अजीबोगरीब डिमांड

तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) कमिश्नर हैं. वह महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी कार्रवाई को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. उन्हें सोशल मीडिया पर लोग असली सिंघम कहकर भी बुला रहे हैं.

Advertisement
इन दिनों तुकाराम मुंढे चर्चा में बने हुए हैे. (Photo: ITG) इन दिनों तुकाराम मुंढे चर्चा में बने हुए हैे. (Photo: ITG)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:40 PM IST

महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) के कमिश्नर तुकाराम मुंढे इन दिनों देश के सबसे चर्चित और सुर्खियों में रहने वाले IAS अधिकारियों में शामिल हैं. महाराष्ट्र में खाने-पीने की दुकानों और प्रतिष्ठानों पर उनकी अचानक हो रही छापेमारी के बाद सोशल मीडिया पर उनकी तुलना अनिल कपूर की फिल्म 'नायक' के किरदार से भी की जा रही है. अब फिल्ममेकर कुणाल कोहली ने तुकाराम मुंढे से कहा है कि उन्हें अपनी कार्रवाई का दायरा भारतीय घरों की रसोई तक भी बढ़ाना चाहिए.

Advertisement

कुणाल कोहली ने अपने हालिया इंस्टाग्राम पोस्ट में तुकाराम मुंढे के लिए एक खास संदेश लिखा. उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि IAS अधिकारी को देशभर के घरों की रसोइयों पर भी छापेमारी करनी चाहिए, क्योंकि ज्यादातर घरों में उन्हें सालों पुराने एक्सपायर्ड सामान मिल सकते हैं.

कुणाल ने लिखा कि मैं तुकाराम मुंढे से अनुरोध करता हूं कि वह देशभर के भारतीय घरों की किचन शेल्फ और फ्रिज पर भी छापेमारी करें. यहां आपको सालों पुराने एक्सपायर्ड सामान बड़े करीने और सुरक्षित तरीके से रखे मिलेंगे. बोतलें और पैकेट हर महीने साफ किए जाते हैं और फिर उन्हें शेल्फ या फ्रिज में वापस रख दिया जाता है, सिर्फ इसलिए कि दोबारा कभी इस्तेमाल न हों.

इसके बाद कुणाल ने लोगों से अपने घरों में खुद ही 'तुकाराम मुंढे क्लीनिंग' अभियान चलाने की अपील की. उन्होंने कहा कि चलो, अपनी किचन शेल्फ और फ्रिज की तुकाराम मुंढे क्लीनिंग करते हैं.  पोस्ट के साथ उन्होंने #TukaramMunde का इस्तेमाल भी किया.

Advertisement

कुणाल कोहली का यह बयान ऐसे समय में आया है, जब महाराष्ट्र FDA राज्यभर में उन जगहों का लगातार निरीक्षण कर रहा है, जहां खाना बनाया और बेचा जाता है. इनमें रेस्तरां, होटल, सड़क किनारे मौजूद खाने-पीने की दुकानें और दूसरे फूड आउटलेट्स शामिल हैं.

जारी छापेमारी और जांच के तहत विभाग ने मुंबई के कई चर्चित खाने-पीने के प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित किए हैं. ऑनलाइन फूड डिलीवरी प्लेटफॉर्म के जरिए खाना पहुंचाने वाले प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई है. कुछ जगहों पर एक्सपायर्ड खाद्य सामग्री और दूसरी अनियमितताएं मिलने के बाद कार्रवाई की गई.

FDA की इस कार्रवाई ने एक बार फिर रेस्तरां और दूसरे फूड आउटलेट्स में खाने की गुणवत्ता, सुरक्षा और साफ-सफाई के मानकों पर बहस छेड़ दी है. विभाग लगातार जांच कर यह पता लगाने में जुटा है कि कहीं खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन तो नहीं हो रहा. जहां नियमों की अनदेखी मिल रही है, वहां कार्रवाई की जा रही है.

शाहरुख, अजय और टाइगर भी FDA के रडार पर

इस बीच शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ भी FDA की जांच के दायरे में हैं. तीनों अभिनेताओं पर कथित तौर पर महाराष्ट्र में प्रतिबंधित पान मसाला उत्पाद के अप्रत्यक्ष प्रचार का आरोप है.

Advertisement

FDA ने इससे पहले तीनों अभिनेताओं को शो-कॉज नोटिस जारी किया था. तीनों ने 2024 में एक ऐसे विज्ञापन में साथ काम किया था, जिसमें विमल की इलायची का प्रचार किया गया था. विमल ब्रांड पान मसाला उत्पादों से भी जुड़ा हुआ है. एफडीए ने नोटिस में तीनों स्टार्स से सबूत पेश करने को कहा है कि विमल इलायची वाकई में एक अलग प्रोडक्ट है, जो मार्केट में बिकता है या फिर यह बैन हुए विमल पान मसाला और तंबाकू उत्पादों को प्रमोट करने के लिए बनाया गया महज एक सरोगेट या ब्रांड-एक्सटेंशन एड है. 

बता दें कि तुकाराम मुंढे महाराष्ट्र के फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (एफडीए) कमिश्नर हैं. वह महाराष्ट्र में फूड सेफ्टी कार्रवाई को लेकर चर्चा में बने हुए हैं. उन्हें सोशल मीडिया पर लोग असली सिंघम कहकर भी बुला रहे हैं. उनका भ्रष्टाचार और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नजर आता है. वो जहां भी गए, सिस्टम सुधारने की कोशिश की. राजनीतिक दबाव या प्रभावशाली लोगों की परवाह किए बिना काम करने की छवि ने उन्हें यह टैग दिया.

मई 2026 में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) के आयुक्त का पद संभालने के बाद से तुकाराम मुंढे ने मिलावटखोरों पर शिकंजा कसा है, उसने पूरे राज्य को हिला दिया है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »