मुंबई को सपनों की नगरी कहा जाता है. यही वह शहर है, जहां देशभर से लोग अपनी किस्मत आजमाने आते हैं और बॉलीवुड के सितारे लाखों-करोड़ों लोगों के दिलों पर राज करते हैं. लेकिन जब इसी मायानगरी में फिल्मी सितारों के घरों के बाहर गोलियां चलने लगे, धमकियां मिलने लगें और चर्चित लोगों की हत्या तक हो जाए, तो सवाल सिर्फ उनकी सुरक्षा का नहीं रह जाता. सवाल उस कानून-व्यवस्था का भी है, जिस पर मुंबई जैसे महानगर की सुरक्षा की जिम्मेदारी है.
रविवार शाम को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग हुई. गनीमत ये रही कि हमले में टाइगर सुरक्षित रहे. हालांकि उनके ड्राइवर और अन्य इस हमले घायल हो गए. वारदात के कुछ ही देर बाद लॉरेंस गैंग ने तुरंत जिम्मेदारी लेते हुए कहा कि सलमान के साथ जो काम करेगा उसका अगला नंबर होगा.
फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े लोगों के यहां यह फायरिंग का पहला मामला नहीं है. इससे पहले सलमान खान के घर पर भी फायरिंग हुई थी. फिर सलमान खान के करीबी दोस्त और एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की सनसनीखेज तरीके से हत्या कर दी गई. बाद में फिर फिल्ममेकर रोहित शेट्टी के घर पर भी फायरिंग हुई.
इन सभी मामलों में जो एक बात पूरी तरह कॉमन है, वह यह है कि कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इनकी जिम्मेदारी ली है. एक के बाद एक हो रही इन वारदातों ने फिल्मी दुनिया के सितारों की सुरक्षा और शहर की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. ऐसे में सवाल यही है कि आखिर मुंबई में अपराधियों के हौंसले इतने बुलंद कैसे हो रहे हैं?
यह भी पढ़ें: Tiger Shroff Firing Incident: एक्टर टाइगर श्रॉफ पर बदमाशों ने चलाई गोली, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी
सलमान खान के घर के बाहर चली थीं गोलियां
सबसे चर्चित घटनाओं में से एक 14 अप्रैल 2024 को हुई थी, जब मुंबई के बांद्रा स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर बाइक सवार दो हमलावरों ने गोलियां चलाई थीं. पुलिस की जांच में इस मामले में लॉरेंस बिश्नोई गिरोह के कथित सदस्यों की भूमिका सामने आई. जांच में सामने आया कि इस वारदात को विक्की गुप्ता और सागर पाल ने अंजाम दिया था. सलमान खान को पहले भी धमकियां मिलती रहीं. लेकिन इस घटना ने फिल्म जगत में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंता पैदा कर दी.
बाबा सिद्दीकी का मर्डर
12 अक्टूबर 2024 को मुंबई में एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मारकर हत्या कर दी गई. बाबा सिद्दीकी को सलमान खान का करीबी माना जाता था. इस हत्याकांड ने पूरे देश को झकझोर दिया था. जांच में लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े लोगों के नाम सामने आए और बाद में उनकी गिरफ्तारी हुई. पुलिस की जांच में यह आरोप भी सामने आया कि बाबा सिद्दीकी को निशाना बनाने के पीछे सलमान खान से उनकी नजदीकी एक वजह थी.
रोहित शेट्टी के घर पर भी फायरिंग
31 जनवरी और 1 फरवरी 2026 की दरमियानी रात को मुंबई के जुहू इलाके में फिल्म निर्माता रोहित शेट्टी के घर के बाहर भी फायरिंग हुई थी. इसके बाद सोशल मीडिया पर शेयर किए गए एक पोस्ट के जरिए शुभम लोनकर और आरजू बिश्नोई नामक शख्स ने इस हमले की जिम्मेदारी ली. लॉरेंस गैंग से जुड़े गैंगस्टर ने फेसबुक पर लिखा है कि रोहित शेट्टी को कई बार मैसेज किया गया गया था कि वो उनके काम में दखल न दे, लेकिन वो उनकी बात नहीं समझे. ये हमला ट्रेलर है.
आरोपी ने रोहित शेट्टी के घर से थोड़ी दूरी पर बाइक खड़ी की और पैदल चलते हुए शेट्टी टावर तक पहुंचा. इसके बाद उसने बिल्डिंग की ओर कई राउंड फायरिंग की और मौके से फरार हो गया.
यह भी पढ़ें: नूंह में BJP नेता से मांगी 5 करोड़ की फिरौती, लॉरेंस-गोदारा गैंग के नाम पर धमकी देने वाला आरोपी गिरफ्तार
इन घटनाओं में एक अहम पहलू यह है कि पुलिस की जांच और सामने आए दावों में गिरोह के नाम का बार-बार जिक्र हुआ है. अगर जांच में ऐसे आरोप साबित होते हैं, तो इसका मतलब होगा कि अपराधी अपने प्रभाव का प्रदर्शन करने और लोगों के मन में डर बैठाने के लिए चर्चित चेहरों को निशाना बना रहे हैं.
अब टाइगर श्रॉफ बने निशाना
18 अक्टूबर 2026 को अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलीबारी की खबर सामने आई. घटना मुंबई के जुहू इलाके में हुई जब टाइगर एक फुटबॉल मैच खेलने के बाद वापस आ रहे थे. इस खबर ने एक बार फिर फिल्म जगत की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. घटना के पीछे की वजह, हमलावरों की पहचान और किसी गिरोह की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि जांच के निष्कर्षों के आधार पर ही होनी चाहिए.
मुंबई पुलिस और क्राइम ब्रांच ने जो इन वारदातों को लेकर चार्जशीट दाखिल की, उनमें एक बात बेहद स्पष्ट रूप से सामने आई कि ये हमले महज व्यक्तिगत रंजिश का नतीजा नहीं हैं. पुलिस के मुताबिक, इन वारदातों के जरिए लॉरेंस गैंग बॉलीवुड इंडस्ट्री के भीतर अपना खौफ और दबदबा कायम करना चाहता है. सितारों को निशाना बनाकर पूरी फिल्म इंडस्ट्री में दहशत का माहौल पैदा करने की कोशिश की जा रही है, ताकि रंगदारी और अन्य अवैध गतिविधियों को आसानी से अंजाम दिया जा सके.
किशोर जोशी