फिल्म इंडस्ट्री में पहचान बनाना आसान नहीं होता है. एक्टर्स को अपना नाम और पहचान बनाने में खूब जद्दोजहद करनी पड़ती है. कई लोगों को रंग की वजह से तो कई लोगों को हाइट को लेकर ताने सुनने पड़ते हैं. एक्ट्रेस सोनाली कुलकर्णी के साथ भी कुछ ऐसा ही हुआ.
हाल ही में एक्ट्रेस ने अपने करियर के शुरुआती दिनों का एक ऐसा अनुभव शेयर किया, जब एक महिला ने उनके सांवले रंग को लेकर ऐसी बात बोल दी थी जिससे उन्हें बहुत ठेस पहुंची. सोलानी कुलकर्णी ने इंटरव्यू के दौरान बताया, 'जब मैं पहली फिल्म के लिए ऑडिशन देने गई, तो वहां मौजूद लोगों का व्यवहार अच्छा नहीं था. पुणे में एक लेडी ने पूछा था, आप क्यों आई हैं? आप यहां क्यों हैं? इस पर मैंने कहा कि मैम यहां पर ऑडिशन है और मुझे बुलाया गया है.
इस पर उस महिला ने सोनाली के सांवलेपन का मजाक उड़ाते हुए कहा कभी आईने में खुद को भी देख लिया करो. सांवली लड़कियां कैमरे पर अच्छी नहीं लगतीं.
उन्होंने उस बात को याद करते हुए कहा, 'मैं उस समय काफी छोटी थी. हमारे पास उतने पैसे नहीं थे. हमारे पास जो था, वह प्यार था. मुझे उस महिला की बात सुनकर इतनी शर्मिंदगी महसूस हुई कि मेरा मन वहां से भाग जाने का करने लगा. मुझे ऐसा लग रहा था कि जैसे सीता माता की तरह मैं भी धरती में समा जाऊं. मैं वहां से गायब हो जाना चाहती थी.
एक्ट्रेस बचपन में अक्सर अपने भाइयों के साथ खुद की तुलना करती थी. उन्हें लगता था कि वह अपने भाइयों की तरह सुंदर नहीं हैं. उन्होंने कहा, 'मेरी नाक छोटी है और मेरा रंग गोरा नहीं गेरुआ है. मेरे दोनों भाई बहुत हैंडसम हैं. मैं हमेशा सोचती थी कि आखिर मुझमें ऐसा क्या है? मुझे लगता था कि मेरे पर्सनैलिटी में कुछ भी खास नहीं है.'
सोनाली की बात से साफ झलक रहा है कि उनके रंग को लेकर किए गए कमेंट्स ने उन पर गहरा असर डाला था. छोटी उम्र में ये सब सुनना उनके लिए आसान नहीं रहा होगा. वह एक्ट्रेस बनने का सपना लेकर पुणे आई थीं लेकिन सफर शुरू होने से पहले ही उन्हें ये सब सुनना पड़ा. लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क