एक्टर राजकुमार राव भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली पर बन रही फिल्म 'दादा' में नजर आएंगे. हाल ही में एक्टर ने खुलासा किया कि फिल्म का पहला पोस्टर रिलीज होने के बाद उन्हें भारी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. जुलाई में फिल्म का पोस्टर जारी होने के बाद सोशल मीडिया पर कई फैंस ने इसे एआई जेनरेटेड बताया .
राजकुमार राव ने हाल ही में एक इंटरव्यू के दौरन उस बात का जिक्र किया कि कैसे फिल्म का फर्स्ट लुक आने के बाद उन्हें आलोचना का सामना करना पड़ा. उन्होंने बातचीत में दौरान कहा कि फिल्म की टीम को इससे काफी कुछ सीखने को मिला. उन्होंने माना कि पोस्टर को जल्दबाजी में रिलीज नहीं करना चाहिए था.
उन्होंने कहा, 'जिसने भी उस पोस्टर को बनाया, उसे ये सीख मिल गई कि उसे जल्दबाजी नहीं करनी चाहिए थी. उसे काम को थोड़ा और समय देना चाहिए था. उसको एक और सीख मिली की दादा की फैन फॉलोइंग कितनी जबरदस्त है.'
राजकुमार राव ने बढ़ते एआई के इस्तेमाल पर भी बातें की और कहा कि ये एक ऑप्शन के तौर पर काम कर सकता है लेकिन इंसान को रिप्लेस नहीं कर सकता. उनका कहना है कि अगर एआई का इस्तेमाल इसी तरह बढ़ता गया तो इससे लाखों लोगों की रोजी-रोटी प्रभावित हो सकती है.
उन्होंने कहा, 'टेक्नोलॉजी का अपना नफा-नुकसान होता है. एआई आएगा, आप इसे रोक नहीं सकते लेकिन हमे इसे सपोर्टिंग टूल की तरह इस्तेमाल करना चाहिए. आप उस पर पूरी तरह निर्भर नहीं हो सकते है. मैं भी नहीं चाहता कि ऐसा कुछ हो क्योंकि इससे लाखों लोगों का रोजी-रोटी छीन जाएगी. आप रूम में बैठकर कुछ भी बना सकते है लेकिन इंसानी भावनाओं के साथ बदल नहीं सकते. आप एआई के साथ सब कुछ नहीं बना सकते'
राजकुमार राव, विक्रम मोटवानी के निर्देशन में बनी रही फिल्म दादा में नजर आएंगे. वह लंबे समय से इस बायोपिक की तैयारी में जुटे हैं. फिल्म के लिए उन्होंने सौरव गांगुली के साथ काफी वक्त बिताया और उनके जीवन को करीब से समझने की कोशिश की. फिल्म की शूटिंग के लिए पूरी टीम ने कोलकाता में भी काफी समय बिताया.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क