एलियंस पर सबसे बड़ा खुलासा करने के दावे के साथ आई हॉलीवुड फिल्म 'डिस्क्लोज़र डे', इंडिया में भी धमाल मचा रही है. एलियन लाइफ पर दो लैंडमार्क फिल्में 'क्लोज एनकाउन्टर्स' (1977) और 'ई.टी. - द एक्स्ट्रा-टेरेस्ट्रियल' (1982) देने वाले दुनिया के टॉप डायरेक्टर्स में गिने जाने वाले स्टीवन स्पीलबर्ग 'डिस्क्लोज़र डे' के भी डायरेक्टर हैं. इस फिल्म के दमदार ट्रेलर ने आते ही फिल्म लवर्स की एक्साइटमेंट बढ़ा दी थी. दुनिया भर में आजकल यूएफओ और एलियन लाइफ पर तमाम तरह की चर्चाएं चल रही हैं.
इस बीच 'डिस्क्लोज़र डे' जैसी फिल्म के लिए माहौल अपने आप बना हुआ था. इस माहौल का असर इंडियन बॉक्स ऑफिस पर नजर आ रहा है. शुक्रवार को रिलीज हुई 'डिस्क्लोज़र डे' ने पहले वीकेंड में अपने हिस्से आई लिमिटेड स्क्रीन्स पर ही तगड़ी शुरुआत की है. इस हॉलीवुड फिल्म ने, शुक्रवार को ही आई मनोज बाजपेयी की बॉलीवुड फिल्म 'गवर्नर' से दोगुना कलेक्शन किया है. हालांकि फिल्म के रिव्यूज और वर्ड ऑफ माउथ बहुत पॉजिटिव नहीं हैं और इसका नुकसान बॉक्स ऑफिस पर नजर आने लगा है.
शुक्रवार को 'डिस्क्लोज़र डे' इंडियन बॉक्स ऑफिस पर हॉलीवुड के ट्रेडमार्क स्टाइल में लिमिटेड स्क्रीन्स के साथ रिलीज हुई. सैकनिल्क का डेटा बताता है कि शुक्रवार को करीब 1400 शोज के साथ रिलीज हुई इस फिल्म ने 1.80 करोड़ रुपये की ओपनिंग से खाता खोला था. शनिवार को ऑलमोस्ट 40% जंप के साथ 'डिस्क्लोज़र डे' ने 2.50 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया.
लेकिन नेगेटिव रिव्यूज ने संडे को रंग दिखाना शुरू कर दिया. तीसरे दिन 'डिस्क्लोज़र डे' ने 2.10 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया जो शनिवार से कम है. जबकि संडे को भी इसके शोज 1400 से कुछ ज्यादा ही थे. फिर भी वीकेंड खत्म होने तक 'डिस्क्लोज़र डे' ने 6.40 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर लिया, जो इसके शो काउंट के हिसाब से एक सॉलिड टोटल है.
'डिस्क्लोज़र डे' की तरह मनोज बाजपेयी की 'गवर्नर' भी शुक्रवार को 1400 से थोड़े ज्यादा शोज के साथ थिएटर्स में पहुंची थी. इसकी ओपनिंग 1 करोड़ रुपये का आंकड़ा टच करने से थोड़ी चूक गई थी. लेकिन शनिवार को इसका कलेक्शन 1.15 करोड़ रुपये था, जो संडे को थोड़ा और बढ़कर 1.40 करोड़ रुपये तक पहुंच गया.
मनोज की नई फिल्म, अपने पहले वीकेंड में 3.45 करोड़ रुपये का ही कलेक्शन कर पाई. इसके मुकाबले 'डिस्क्लोज़र डे' का वीकेंड कलेक्शन ऑलमोस्ट डबल है.
मार्च के अंत से ही हॉलीवुड फिल्में इंडियन बॉक्स ऑफिस पर लगातार राज कर रही हैं. प्रोजेक्ट हेल मैरी, द ममी, माइकल जैसी फिल्में इंडिया में बड़ी हिट साबित हो चुकी हैं और पिछले तीन हफ्तों से 'ऑब्सेशन' जमकर कमाई कर रही है. ऐसे में 'डिस्क्लोज़र डे' की सॉलिड शुरुआत भी प्रॉमिसिंग नजर आ रही है. लेकिन रिव्यूज नेगेटिव होना और जनता से तारीफें न मिलना मंडे से इस फिल्म को नुकसान पहुंचा सकता है. सॉलिड वीकेंड के बाद मंडे को ही इस फिल्म का असली टेस्ट होगा, देखना है कि स्पीलबर्ग की ये फिल्म मंडे को क्या कमाल करती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क