हॉलीवुड सुपरस्टार टॉम क्रूज एक बार फिर अपने नए अवतार से चर्चा में हैं. उनकी अपकमिंग फिल्म 'Digger' का ऑफिशियल ट्रेलर रिलीज हो गया है और इस बार टॉम का अंदाज उनके अब तक के करियर से बिल्कुल अलग नजर आ रहा है.
अब तक एक्शन हीरो के रूप में पहचान बनाने वाले 64 साल के टॉम क्रूज इस फिल्म में बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आएंगे. वह इसमें अरबपति ऑयल कारोबारी डिगर रॉकवेल का किरदार निभा रहे हैं. ट्रेलर में उनका लुक इतना बदला हुआ है कि पहली नजर में उन्हें पहचानना मुश्किल हो जाता है. पतले और बिखरे बाल, निकला हुआ पेट, उम्रदराज चेहरा और अलग तरह का हाव-भाव दिखाकर टॉम ने अपने किरदार के लिए खुद को पूरी तरह बदल लिया है.
दुनिया बचाने निकले टॉम क्रूज?
फिल्म की कहानी दुनिया के सबसे ताकतवर इंसान के इर्द-गिर्द घूमती है. वह खुद को दुनिया का मसीहा बताता है और लोगों को बचाने का दावा करता है. लेकिन असली ट्विस्ट यह है कि जिस बड़ी मुसीबत से पूरी दुनिया जूझ रही है, उसकी वजह वही होता है. ट्रेलर में पिघलते बर्फ के पहाड़, पर्यावरण को हो रहा नुकसान और परमाणु कचरे से बढ़ता खतरा दिखाया गया है. यानी फिल्म में दुनिया पर मंडरा रहे एक बड़े संकट की कहानी देखने को मिलेगी.
ट्रेलर ने बढ़ाया बज
फिल्म का डायरेक्शन ऑस्कर विनर अलेजांद्रो जी. इन्यारितु ने किया है, जिन्होंने Birdman और The Revenant जैसी हिट फिल्में बनाई हैं. 'Digger' के ट्रेलर में कॉमेडी, सस्पेंस और राजनीति पर तंज का शानदार मेल देखने को मिलता है. ट्रेलर रिलीज होने के बाद फिल्म को लेकर लोगों की उत्सुकता और बढ़ गई है.
टॉम क्रूज के ट्रांसफॉर्मेशन का इम्पैक्ट
डायरेक्टर इन्यारितु का मानना है कि वह कई सालों से टॉम क्रूज के साथ काम करना चाहते थे. उन्होंने टॉम की खूब तारीफ करते हुए कहा कि इस किरदार के लिए उन्होंने खुद को पूरी तरह बदल लिया. उनके मुताबिक, टॉम का नया लुक और उनकी एक्टिंग दर्शकों को चौंका देगी.
फिल्म 'Digger' को मेकर्स ने "तबाही के बीच होने वाली कॉमेडी" (Comedy of Catastrophic Proportions) बताया है. यह फिल्म Warner Bros Pictures और Legendary Pictures की ओरिजिनल प्रोडक्शन है. खास बात यह भी है कि फिल्म की शूटिंग पूरी तरह VistaVision फॉर्मेट में की गई है, जिससे बड़े पर्दे पर शानदार विजुअल्स देखने को मिलेंगे.
फिल्म में जॉन गुडमैन अमेरिका के बुजुर्ग राष्ट्रपति के रोल में नजर आएंगे. उनके अलावा रिज अहमद, सैंड्रा हुलर, जेसी प्लेमन्स, माइकल स्टुहलबर्ग, एमा डी'आर्सी और सोफी वाइल्ड जैसे कई मशहूर कलाकार भी अहम किरदार निभा रहे हैं.
'Digger' 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी. ट्रेलर देखने के बाद इतना साफ है कि इस बार टॉम क्रूज सिर्फ अपने एक्शन से नहीं, बल्कि अपने बिल्कुल अलग लुक और दमदार एक्टिंग से भी दर्शकों को प्रभावित करने वाले हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क