इंडियन बॉक्स ऑफिस पर इन दिनों ट्रेंड बहुत तेजी से बदल रहे हैं. बीते शुक्रवार इंडियन थिएटर्स में सात नई फिल्में एक साथ रिलीज हुईं— चार बॉलीवुड की और तीन हॉलीवुड की. मगर इन सातों नई फिल्मों पर, 15 दिन पुरानी हॉलीवुड हॉरर फिल्म 'ऑब्सेशन' भारी पड़ी. 29 मई को रिलीज हुई 'ऑब्सेशन' के लिए, शुक्रवार से इंडियन थिएटर्स में तीसरा हफ्ता शुरू हो गया. मगर इस फिल्म ने तीसरे वीकेंड में भी पहले वीकेंड से ज्यादा कलेक्शन किया. 'ऑब्सेशन' का डेली कलेक्शन तीसरे हफ्ते में भी, इसके ओपनिंग डे कलेक्शन से ज्यादा चल रहा है.
'ऑब्सेशन' ने पहले वीकेंड में 7.75 करोड़ रुपये के साथ इंडियन बॉक्स ऑफिस पर कदम रखा था. जबरदस्त सकारात्मक समीक्षाओं (पॉजिटिव रिव्यूज) और वर्ड ऑफ माउथ का कमाल ऐसा हुआ कि यह फिल्म सोमवार से, शुक्रवार से ज्यादा कलेक्शन करने लगी और थिएटर्स ने इसके शोज बढ़ा दिए. पहले दिन 1.75 करोड़ रुपये कलेक्शन करने वाली 'ऑब्सेशन' ने बीते गुरुवार जब इंडिया में दो हफ्ते पूरे किए तो इसका टोटल कलेक्शन ऑलमोस्ट 50 करोड़ हो चुका था.
शुक्रवार को एक साथ सात फिल्में आईं. बॉलीवुड से— मैं वापस आऊंगा, भारत भाग्य विधाता, हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स और गवर्नर. हॉलीवुड से— डिस्क्लोज़र डे, स्केरी मूवी 6 और बैकरूम्स. सैकनिल्क के अनुसार, इन नई फिल्मों में से सबसे बड़ा वीकेंड कलेक्शन, 9.35 करोड़ रुपये 'हॉन्टेड 3डी रिटर्न्स' के नाम रहा.
लेकिन 'ऑब्सेशन' का क्रेज अभी भी अलग लेवल पर है. पहले दिन 900 से भी कम शोज के साथ रिलीज हुई इस फिल्म को इस वीकेंड 2400 से ऑलमोस्ट 3000 शोज मिले. इस वीकेंड फिल्म ने 14.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया, जो शुक्रवार को इसके सामने आई किसी भी नई रिलीज से ज्यादा है. अब तक 17 दिनों में 'ऑब्सेशन' इंडिया में 64 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर चुकी है.
2026 में अब तक इंडिया में सबसे बड़ी हॉलीवुड फिल्म 'प्रोजेक्ट हेल मैरी' साबित हुई है जिसका नेट कलेक्शन 75 करोड़ रुपये था. लेकिन अब 'ऑब्सेशन' इसे पीछे छोड़ने के लिए तैयार नजर आ रही है. तीसरे हफ्ते में भी इस हॉलीवुड की फिल्म की डिमांड ऐसी है कि थिएटर्स इसे कई नई रिलीज से ज्यादा शोज दे रहे हैं. ये देखना दिलचस्प होने वाला है कि 'ऑब्सेशन' अभी और कितने दिन इंडियन बॉक्स ऑफिस पर राज करती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क